रीजीजू ने विधि एवं न्याय मंत्री के पद से हटाए जाने पर कहा : कुछ भी गलत नहीं किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 May 2023 08:05 PM
रीजीजू ने विधि एवं न्याय मंत्री के पद से हटाए जाने पर कहा : कुछ भी गलत नहीं किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता किरेन रीजीजू ने शुक्रवार को पृथ्वी विज्ञान मंत्री का पदभार संभाल लिया और इस बात को खारिज कर दिया कि उन्हें कुछ गलत कामों के कारण केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री के पद से हटाया गया है.
रीजीजू ने अपने पिछले मंत्रालय के बारे में सवालों का जवाब देने से इनकार करते हुए कहा कि ये अब प्रासंगिक नहीं हैं और वह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में सेवा देने के लिए उत्सुक हैं.

यह पूछे जाने पर कि क्या न्यायपालिका के साथ लगातार टकराव के कारण उन्हें हटाया गया, रीजीजू ने कहा, ”पिछले मंत्रालय से संबंधित सवाल न पूछें क्योंकि वे अब प्रासंगिक नहीं हैं.” रीजीजू से जब पत्रकारों ने सवाल पूछा कि क्या किसी गलत काम के कारण उन्हें विधि एवं न्याय मंत्रालय से हटाया गया, उन्होंने कहा, ”गलती थोड़ी हुआ है? क्या आपको लगता है कि यह किसी गलत काम के कारण हुआ है?” उन्होंने कहा, ”ये बदलाव और अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपना सरकार के काम करने का तरीका है. यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है कि वह अपनी सोच के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपे. आपको ऐसा क्यों लगता है कि कुछ गड़बड़ है.”

रीजीजू ने इन बातों को खारिज कर दिया कि सरकार और न्यायपालिका के बीच बढ.ते टकराव के कारण उन्हें कानून मंत्री के पद से हटाया गया है. उनसे जब पूछा गया था कि क्या न्यायपालिका के साथ बार-बार टकराव के कारण उन्हें हटाया गया, रीजीजू ने कहा, ”ऐसा कुछ नहीं है. मैंने पहले भी यह कहा है. आज आप मुझे नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दें.”

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बृहस्पतिवार को चौंकाने वाले एक बदलाव के तहत किरेन रीजीजू को विधि एवं न्याय मंत्री के पद से हटाकर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का जिम्मा सौंप दिया गया. संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल अब देश के विधि व न्याय (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री बन गए हैं.

मेघवाल को स्वतंत्र प्रभार दिए जाने के बाद इस महत्वपूर्ण मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में काम कर रहे सत्यपाल (एसपी) सिंह बघेल को हटाकर स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री का जिम्मा सौंप दिया गया. रीजीजू ने विभिन्न विभागों को संभालने और अनुभव हासिल करने का मौका देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया.

उन्होंने कहा, ”सबसे पहले, हम पार्टी के कार्यकर्ता हैं. हम जिस भी पद पर हैं, हमें पार्टी के लिए काम करना होगा. प्रधानमंत्री मुझे जो भी काम सौंपेंगे, मैं करूंगा, लेकिन साथ ही मैं पार्टी के लिए भी काम करूंगा. हमें दोनों काम करने हैं. हम यह नहीं कह सकते कि मैं यह करूंगा और मैं ऐसा नहीं करूंगा.” अरुणाचल प्रदेश से तीसरी बार के लोकसभा सदस्य रीजीजू ने 2021 में कानून मंत्री के रूप में कैबिनेट रैंक में पदोन्नत होने से पहले मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में गृह राज्य मंत्री, अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री और युवा मामलों और खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में कार्य किया है.

रीजीजू द्वारा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का प्रभार संभाले जाने के अवसर पर भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र और अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार विश्वजीत सहाय भी उपस्थित थे. सचिव एम रविचंद्रन सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी जी-20 अनुसंधान एवं नवोन्मेष पहल समूह (आरआईआईजी) के सम्मेलन के लिए दीव में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu