अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में उछाल, अडाणी टोटल गैस 20 प्रतिशत चढ़ा

नयी दिल्ली. अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में मंगलवार को उछाल आया. अडाणी टोटल गैस का शेयर 20 प्रतिशत चढ़ा.
समूह की सभी 10 सूचीबद्ध कंपनियों के शेयर बढ़त में रहे. उच्चतम न्यायालय के शुक्रवार को हिंडनबर्ग मामले में टिप्पणी और फैसला सुरक्षित रखे जाने के बाद से ही अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी है.

बीएसई पर अडाणी टोटल गैस के शेयर में 20 प्रतिशत की तेजी आई. वहीं अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयर में 19.06 प्रतिशत, अडाणी पावर के शेयर में 12.32 प्रतिशत, अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 12.27 प्रतिशत, अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 11.73 प्रतिशत, अडाणी विल्मर के शेयर में 9.96 प्रतिशत और अडाणी एंटरप्राइजेज में 8.66 प्रतिशत की तेजी आई. अडाणी पोर्ट्स के शेयर में 5.20 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट्स में 4.22 प्रतिशत और एसीसी में 2.62 प्रतिशत की तेजी आई.

कारोबार के अंत में मंगलवार को सभी 10 कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्यांकन बढ़कर 11.31 लाख करोड़ रुपये हो गया. शुक्रवार को कारोबार के अंत में बाजार मूल्यांकन 10.26 लाख करोड़ था. गुरु नानक जयंती के अवसर पर सोमवार को बाजार बंद थे. न्यायालय ने कहा कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अडाणी समूह के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करने वाले बाजार नियामक सेबी पर संदेह करने की कोई वजह नहीं है. साथ ही शीर्ष अदालत ने कहा कि वह हिंडनबर्ग रिपोर्ट में किए गए दावों को पूरी तरह तथ्यों पर आधारित नहीं मानकर चल रहा है. न्यायालय ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button