रोहित और सूर्यकुमार के धमाकेदार अर्धशतक, मुंबई इंडियंस नौ विकेट से जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Apr 2025 11:13 PM
रोहित और सूर्यकुमार के धमाकेदार अर्धशतक, मुंबई इंडियंस नौ विकेट से जीता
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (नाबाद 76 रन) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 68 रन) के नाबाद अर्धशतकों तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 54 गेंद में 114 रन की अटूट साझेदारी से रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) एकतरफा मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की.

मुंबई इंडियंस इस जीत से आठ अंक लेकर कोलकाता नाइटराइडर्स को हटाकर तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई जबकि चेन्नई सुपर किंग्स चार अंक से अंतिम स्थान पर बनी रहेगी. रोहित ने 45 गेंद की पारी के दौरान चार चौके और छह छक्के जड़कर फॉर्म में वापसी की जबकि सूर्यकुमार ने 30 गेंद खेलते हुए छह चौके और पांच छक्के जमाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. मुंबई इंडियंस ने रोहित और सूर्यकुमार के तूफान से चेन्नई सुपर किंग्स के 176 रन के लक्ष्य को 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर हासिल कर लिया.

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स रविंद्र जडेजा (नाबाद 53 रन) और शिवम दुबे (50 रन) के अर्धशतकों की मदद से पांच विकेट 176 रन के स्कोर तक पहुंची. पर शानदार लय में दिख रहे रोहित ने 33 गेंद में दो चौके और चार छक्के लगाकार अपना अर्धशतक पूरा किया जबकि सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंद में छह चौके और दो छक्के से 50 रन पूरे किए और टीम को आसानी से जीत तक पहुंचा दिया.

रोहित ने रेयान रिकलटन (24 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 40 गेंद में 63 रन की साझेदारी निभाकर शुरूआत की. इन दोनों ने चेन्नई सुपर किंग्स की एक नहीं चलने दी जो इनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने बेबस नजर आए. रविंद्र जडेजा ने एकमात्र विकेट झटका.

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने धीमी शुरूआत की. पर पदार्पण करने वाले 17 वर्षीय आयुष म्हात्रे ने 15 गेंद में चार चौके और दो छक्के से 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया. फिर दुबे और जडेजा ने चौथे विकेट के लिए 50 गेंद में 79 रन की अहम साझेदारी बनाई. सातवें ओवर में चौथे नंबर पर भेजे गए जडेजा ने 35 गेंद में चार चौके और दो छक्के से अर्धशतकीय पारी खेली जिससे टीम ने अंतिम पांच ओवर में 58 रन जुटाये. दुबे ने 32 गेंद की पारी के दौरान चार छक्के और दो चौके लगाए.

पर मुंबई इंडियंस ने अनुशासित गेंदबाजी से सीएसके पर नियंत्रण बनाये रखा. जडेजा और दुबे भी दबाव में आ गए थे लेकिन दोनों ने संभलकर खेलते हुए चौथे विकेट की भागीदारी नहीं बनाई होती तो स्कोर यहां तक नहीं पहुंचा होता. मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट झटके. दीपक चाहर, अश्विनी कुमार और मिचेल सेंटनर को एक एक विकेट मिला.
टीम ने रचिन रविंद्र (05) के रूप में पहला विकेट 16 रन के स्कोर पर गंवा दिया.

इसके बाद शेख रशीद (19) और म्हात्रे ने 22 गेंद में 41 रन जोड़े. पर इसमें म्हात्रे के शॉट आकर्षक रहे. उन्होंने अपनी दूसरी ही गेंद का सामना करते हुए इसे चौके के लिए भेज दिया. अश्विनी कुमार की तीसरी गेंद को उन्होंने डीप मिडविकेट पर छक्के के लिए भेजा और चौथी पर फिर छक्का जड़ दिया.

पर म्हात्रे की पारी सातवें ओवर में दीपक चाहर की लेग कटर गेंद पर खत्म हुई. उनकी गेंद को उठाने के प्रयास में वह लांग ऑन पर मिचेल सेंटनर के हाथों लपके गए. बाएं हाथ के स्पिनर सेंटनर ने फिर रशीद का विकेट झटक लिया. मुंबई ने फिर पिछले मैच के नायक रहे ऑफ स्पिनर विल जैक्स को गेंदबाजी पर लगाया जिन्होंने कसी गेंदबाजी की.

सीएसके की टीम 13वें ओवर तक तीन विकेट पर 92 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी. लेकिन दुबे ने जिम्मेदारी से खेलते हुए हार्दिक पंड्या के ओवर में मिड विकेट पर छक्का जड़ा, फिर ट्रेंट बोल्ट पर एक चौका और फाइन लेग पर छक्का जड़कर उनके ओवर में 15 रन जुटाए. 16वें ओवर में दुबे ओर जडेजा ने बायें हाथ के गेंदबाज अश्विनी कुमार पर तीन छक्के और एक चौका लगाकर 24 रन जुटाकर वापसी का प्रयास किया. पर दुबे अगले ओवर में बुमराह का शिकार हो गए लेकिन अपना अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे. जडेजा ने इस सत्र का अपना पहला अर्धशतक अंतिम ओवर में बोल्ट की गेंद पर छक्का जड़कर बनाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu