जम्मू कश्मीर के रामबन, बनिहाल में भारी बारिश के कारण ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का दूसरा चरण स्थगित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Jan 2023 07:55 PM
ऑडियो सुनें

रामबन/जम्मू/श्रीनगर. खराब मौसम और भूस्खलन की वजह से बुधवार को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दूसरे चरण को स्थगित करना पड़ा जिसे आज दोपहर के बाद बनिहाल कस्बे से आगे बढ़ना था. राहुल गांधी ने भारी बारिश के बीच बुधवार को सुबह रामबन से यात्रा को आगे बढ़ाया लेकिन खराब मौसम की वजह से उसे रोकना पड़ा. अब यात्रा कल एक दिन के विश्राम के बाद शुक्रवार को फिर से शुरू होगी.

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन से बनिहाल की यात्रा बड़ी चुनौतीपूर्ण है. कश्मीर को बाकी देश से जोड़ने वाले इस 270 किलोमीटर लंबे और एकमात्र राजमार्ग पर पंथियाल, मेहर तथा मगरकोट जैसे अनेक हिस्से हैं जहां बारिश के बीच पहाड़ों से पत्थरों के गिरने की आशंका रहती है. रामबन जिले में भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर पत्थर गिरने के बाद बुधवार को राजमार्ग पर यातायात निलंबित कर दिया गया. पत्थर गिरने से एक ट्रक चालक की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘खराब मौसम और इलाके में भूस्खलन की वजह से रामबन और बनिहाल में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के आगे के चरण को रद्द कर दिया गया है. कल विश्राम का दिन है और यात्रा अब परसों 27 जनवरी को सुबह आठ बजे फिर शुरू होगी.’’ इससे पहले आज जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता जहांजैब सिरवाल ने कहा था कि यात्रा भारी बारिश के कारण एक घंटे की देरी से बाठी से सुबह करीब नौ बजे शुरू हुई और उसने 131वें दिन पहला चरण पूरा किया.

अपनी पहचान बन चुकी सफेद टी-शर्ट पहनकर यात्रा शुरू करने वाले राहुल ने बाद में एक काला रेनकोट पहन लिया. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर राहुल के स्वागत के लिए रास्ते पर जमा हुए. जम्मू कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष विकार रसूल वानी को राहुल गांधी के साथ चलते हुए और अनेक नेताओं से उनका परिचय कराते हुए देखा गया.

बनिहाल निवासी वानी ने कहा, ‘‘हमने रामबन में करीब छह किलोमीटर की दूरी तय की और आज दोपहर बाद गाड़ियों से, भूस्खलन संभावित क्षेत्र को पार करने के बाद बनिहाल से दो किलोमीटर पहले से यात्रा फिर शुरू करने वाले थे. जिला प्रशासन और पुलिस ने पत्थरों के गिरने के भारी जोखिम के कारण आगे नहीं बढ़ने की सलाह दी, इसलिए आज यात्रा को स्थगित कर दिया गया है.’’

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने तीन घंटे तक मौसम में सुधार का इंतजार किया और उन्हें अधिकारियों से मंजूरी मिल गयी, लेकिन सड़क बंद होने की वजह से यात्रा में शामिल लोगों को रामबन में एक और रात बिताने को कहा गया. कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यात्रा बृहस्पतिवार को विश्राम करेगी और शुक्रवार को बनिहाल से फिर शुरू होकर कश्मीर में प्रवेश करेगी.’’ अधिकारियों के अनुसार, लांबर में कुछ इंच तक बर्फ गिरी है, जहां यात्रा का रात्रि पड़ाव था.

मौसम विभाग ने आज मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है. राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और इसने पंजाब से होते हुए बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया. यात्रा के अंत में राहुल गांधी का 30 जनवरी को श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है.

श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए सभी सुरक्षा बंदोबस्त: सीआरपीएफ
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है तथा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के सभी इंतजाम किये गये हैं. अधिकारियों ने बुधवार को यह बात कही. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप महानिरीक्षक (परिचालन), दक्षिण कश्मीर, आलोक अवस्थी ने कहा कि वैसे भी, बल हमेशा सतर्क रहता है.

उन्होंने पुलवामा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जहां तक भारत जोड़ो यात्रा की बात है, हम अधिक चौकन्ने हैं. अन्यथा, हम वैसे भी सतर्क रहते हैं. राजमार्ग से गुजरने वाले सभी लोगों को सुरक्षित महसूस करना चाहिए और हमने समस्त सुरक्षा उपाय किये हैं.’’ गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा उपायों के बारे में पूछे जाने पर अवस्थी ने कहा कि यहां शांति भंग करने की कोशिशों के बारे में कोई भी खुफिया जानकारी मिलने पर मजबूती से कार्रवाई की जाएगी. अधिकारी ने कहा, ‘‘हम पूरी तरह सतर्क हैं. अगर किसी भी तत्व के शांति भंग का प्रयास करने की खुफिया जानकारी मिलती है तो हम ऐसे तत्वों को नष्ट कर देंगे.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu