सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी: शोपियां मुठभेड़ में लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर…

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 13 May 2025 01:07 PM
सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी: शोपियां मुठभेड़ में लश्कर के तीन आतंकवादी ढेर…
ऑडियो सुनें

जम्मू कश्मीर: पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा बलों को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर के तीन आतंकियों को मार गिराया है। मंगलवार को शोपियां में सेना ने बड़ा अभियान चलाया और सफलता हासिल की।

जानकारी के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के शोपियां के शुकरू केलर इलाके में मंगलवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम के बीच मुठभेड़ हुई। मंगलवार की सुबह शोपियां जिले में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दहशतगर्दों को घेरा।

दोनों तरफ से फायरिंग हुई। सुरक्षाबलों ने पहले मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया। इसके बाद कुछ समय बाद ही दो और आतंकियों को भी मार गिराने में सफलता हासिल की है। आपको बता दें कि पहलगाम हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने लगातार अभियान चलाया हुआ है।

इसी अभियान के तहत शोपियां के शुकरू केलर इलाके में आतंकियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान लश्कर के आतंकियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हो गई। हालांकि मुठभेड़ में मारे गए आतंकी पहलगाम में हमला करने वाले आतंकी नहीं हैं।

इससे पहले मंगलवार को ही पहलगाम आतंकी हमले में शामिल पाकिस्तानी आतंकियों के शोपियां जिले के कई इलाकों में पोस्टर लगाए गए। आतंकियों की सूचना सुरक्षा बलों को देने वाले को 20 लाख का इनाम भी दिया जाएगा। तीनों पाकिस्तानी आतंकियों की तलाश तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों के सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं। एजेंसियों ने आतंकियों के पोस्टर जारी किए हैं। आतंकियों की सूचना देने पर 20 लाख का इनाम भी घोषित किया गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital