रिलायंस, एयरटेल में बिकवाली से सेंसेक्स 151 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 07:09 PM
रिलायंस, एयरटेल में बिकवाली से सेंसेक्स 151 अंक टूटा, निफ्टी भी नुकसान में
ऑडियो सुनें

मुंबई. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स शुरुआती लाभ को गंवाते हुए 151 अंक के नुकसान में रहा. वैश्विक बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय एयरटेल और एलएंडटी में गिरावट से बाजार नीचे आया.

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 151.48 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,201.16 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 222.2 अंक तक नीचे आ गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में भी कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रही. इसके बावजूद यह 53.60 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,145.10 अंक पर बंद हुआ.

मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) पारसनाथ तापसे ने कहा, ”रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुनाफावसूली के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार का समापन हुआ. वैश्विक स्तर पर ज्यादातर शेयर बाजारों में रुख सुस्त से मिला-जुला रहा. निवेशकों को शुक्रवार को जारी होने वाले प्रमुख अमेरिकी आंकड़े की प्रतीक्षा है. इससे फेडरल रिजर्व के इस महीने मौद्रिक नीति घोषणा में नीतिगत दर में कटौती के रुख को लेकर संकेत मिलने की उम्मीद है.” सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से रिलायंस इंडस्ट्रीज में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई. इसके अलावा टाटा मोटर्स, नेस्ले, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, जेएसडब्ल्यू स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नीचे आए.

इसके उलट लाभ में रहने वाले शेयरों में टाइटन, आईटीसी, इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं. छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.56 प्रतिशत चढ़ा जबकि मझोली कंपनियों से जुड़ा सूचकांक 0.27 प्रतिशत मजबूत हुआ.

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ”वैश्विक शेयर बाजारों में रुख हल्का रहा. कारोबारियों को अमेरिका में जारी होने वाले आंकड़े की प्रतीक्षा है. इससे वहां की अर्थव्यवस्था और फेडरल रिजर्व के ब्याज दर पर रुख को लेकर स्थिति कुछ साफ होने की उम्मीद है.” जियोजीत फाइनेंशियल र्सिवसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ”अमेरिका तथा चीनी अर्थव्यवस्था में नरमी को लेकर चिंता से मानक सूचकांकों में हल्की गिरावट रही. बाजार को अब फेडरल रिजर्व के रुख का इंतजार है….” एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहा.

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था. अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मिला-जुला रुख था. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 975.46 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.14 प्रतिशत चढ़कर 73.53 डॉलर प्रति बैरल रहा. सेंसेक्स बुधवार को 202.80 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी में 81.15 अंक की गिरावट आई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu