शाह ने नक्सली हमले में जवानों के बलिदान पर दुख जताया, बघेल से बात कर हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Apr 2023 07:53 PM
शाह ने नक्सली हमले में जवानों के बलिदान पर दुख जताया, बघेल से बात कर हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में नक्सली हमले में जवानों की बलिदान पर दुख जताया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मी और एक चालक की मौत हो गई थी.

शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर नक्सलियों द्वारा किए गए कायराना हमले से दुखी हूं. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात की है और राज्य सरकार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है. बलिदानी जवानों के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं.’’

इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्री ने बघेल से बातचीत के दौरान घटनास्थल की ताजा स्थिति का जायजा भी लिया. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक यह घटना अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुई जब राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक दल नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहा था. यह क्षेत्र राज्य की राजधानी रायपुर से लगभग 450 किलोमीटर दूर स्थित है. नक्सलियों ने माल ढुलाई वाली उस मिनी वैन को विस्फोट से उड़ा दिया जिसमें सुरक्षाकर्मी यात्रा कर रहे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu