
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से रविवार को बात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ. जैसी स्थिति के बारे में जानकारी ली. शाह ने यमुना नदी के जलस्तर को लेकर भी दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना से चर्चा की.
गृह मंत्री ने ट्वीट किया, ”गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से हालिया भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में पैदा हुई बाढ. जैसी स्थिति पर चर्चा की. दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना से भी यमुना नदी के जलस्तर को लेकर चर्चा की. जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) और एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के कर्मी मौजूद हैं.” गुजरात के दक्षिणी और सौराष्ट्र क्षेत्रों के कई जिलों में शनिवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने के कारण कई गांवों में बाढ. जैसी स्थिति पैदा हो गई है. बांधों एवं नदियों में जल खतरे के स्तर तक बढ. गया है.
राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर रविवार को एक बार फिर खतरे के निशान के पार चला गया. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ. गया है. अधिकारियों ने कहा कि नदी के जलस्तर में और वृद्धि से राष्ट्रीय राजधानी के बाढ. प्रभावित निचले इलाकों में राहत एवं पुनर्वास के काम पर असर पड़ सकता है.



