केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर शाह का बयान आपत्तिजनक: सिब्बल

नयी दिल्ली. राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत पर टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और कहा कि यह एक ”आपत्तिजनक बयान” है जिसमें उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की मंशा पर सवाल उठाया गया है. शाह ने एक साक्षात्कार में कहा है कि कई लोगों को लगता है कि शीर्ष अदालत ने केजरीवाल के प्रति विशेष रुख अपनाया है.

सिब्बल ने संवाददाताओं से कहा, ”शाह ने आपत्तिजनक बयान दिया है और उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों की मंशा पर सवाल उठाया है.” उनका कहना था कि शाह ने बहुत चतुराई से कहा है कि कई लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने में विशेष रुख अपनाया गया है. सिब्बल ने कहा, ”उन्होंने (शाह) कहा है ‘लोग कह रहे हैं’. अगर लोग कह रहे हैं और आप उस पर विश्वास नहीं करते हैं, तो ऐसा क्यों कहा है? अगर लोग कहते हैं और आप उस पर विश्वास करते हैं, इसलिए आपने बयान दिया है.”

Related Articles

Back to top button