पाकिस्तान से संबंध मामले में कांग्रेस सांसद, उनके परिवार से एसआईटी पूछताछ करेगी : हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 09:35 PM
पाकिस्तान से संबंध मामले में कांग्रेस सांसद, उनके परिवार से एसआईटी पूछताछ करेगी : हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य के एक कांग्रेस सांसद की पाकिस्तान से कथित संबंधों की जांच कर रही राज्य पुलिस की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों का बयान दर्ज करने के लिए जून-जुलाई में तलब करेगी. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस बात के सबूत मिले हैं कि सांसद की पत्नी को दिल्ली में काम करने के दौरान भी पाकिस्तान से वेतन दिया जा रहा था.

शर्मा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”मैंने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन कांग्रेस संसदीय दल के एक महत्वपूर्ण पदाधिकारी और असम के एक सांसद केंद्र सरकार को सूचित किये बिना 15 दिनों तक पाकिस्तान में रहे.” उन्होंने दावा किया कि सांसद ने चर्चा में आने से बचने के लिए हवाई मार्ग से जाने के बजाय पाकिस्तान में अटारी भूमि सीमा के रास्ते प्रवेश किया.
शर्मा ने कहा कि मामले की जांच कर रही राज्य पुलिस की एसआईटी को इस संबंध में अहम सबूत मिले हैं कि सांसद की पत्नी तीन साल तक पाकिस्तान से वेतन ले रही थीं, जबकि वह दिल्ली में काम कर रही थीं. उन्होंने कहा, ”हमारे पास इसे साबित करने के लिए बयान हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद ने उसी दौरान नेपाल की यात्रा भी की थी.

शर्मा ने कहा कि उस दौरान नेपाल में पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी आईएसआई ‘बहुत सक्रिय’ थी. उन्होंने कहा, ”सांसद का कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं था. यह एक गुप्त यात्रा थी. हम कड़ियों को जोड़ने की कोशिश करेंगे और देखेंगे कि क्या दोनों यात्राओं का आपस में कोई संबंध था.” उन्होंने कहा कि सांसद और उनके परिवार के सदस्यों को जून-जुलाई में एसआईटी द्वारा तलब किया जाएगा तथा अंतिम रिपोर्ट सितंबर से पहले प्रस्तुत की जाएगी. शर्मा ने कहा, ”असम पुलिस अपनी क्षमता के अनुसार जांच करेगी. अगर जरूरत पड़ी तो केंद्रीय एजेंसियां इसे आगे बढ़ाएंगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu