कुछ लोग भारत के तेजी से होते विकास को पचा नहीं पा रहे : उपराष्ट्रपति धनखड़

नयी दिल्ली. अमेरिकी शोध एवं निवेश कंपनी हिंडनबर्ग के आरोपों की जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) जांच की मांग को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंगलवार को कहा कि भारत ”बेहद तेज गति” से विकास कर रहा है, लेकिन कुछ लोग ”अस्थिरता लाना” चाहते हैं.

उपराष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब विपक्ष ने भारतीय प्रतिभूति विनिमय बोर्ड (सेबी) की अध्यक्ष माधवी बुच के खिलाफ हिंडनबर्ग के आरोपों को लेकर सरकार पर हमला तेज कर दिया है. कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जेपीसी जांच शुरू नहीं की गई तो देशव्यापी आंदोलन होगा. भाजपा ने इस मांग को भारतीय अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया एक ”ढकोसला” करार दिया है.

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारत मंडपम से ‘तिरंगा बाइक रैली’ को हरी झंडी दिखाए जाने के मौके पर धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा, ”साथियों, हमारे देश का विकास बेहद तेज गति से हो रहा है. कुछ लोग इसे पचा नहीं पा रहे हैं, वे अवरोध उत्पन्न करना और अस्थिरता लाना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, ”वे सोचते हैं कि अगर भारत इसी तरह आगे बढ़ता रहा तो निश्चित रूप से विश्व गुरु बन जाएगा. जो लोग अवरोध पैदा करते हैं, कहीं से कुछ भी बात उठ जाए उसको प्रामाणिक मानते हैं….”

उपराष्ट्रपति ने कहा, ”मैं देश को सावधान करना चाहता हूं, मैं नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे ऐसी ताकतों, देश विरोधी ताकतों, खतरनाक मकसद वालों से बेहद सतर्क रहें. उनका एकमात्र उद्देश्य भारत को अस्थिर करना है, ताकि हमारी प्रगति बाधित हो.” धनखड़ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘विकसित भारत’ के प्रति देश की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और दिखाता है कि यह सदी ”भारत की सदी” है. उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनके मन में कोई संदेह नहीं है कि आज प्रत्येक भारतीय देश विरोधी ताकतों को परास्त करने का संकल्प लेंगे. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भारतीयों को देश विरोधी ताकतों को परास्त करने के लिए एकजुट होने के लिए प्रेरित करता है.

धनखड़ ने कहा, ”मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूं कि हर परिस्थितियों में देश के हित को व्यक्ति, राजनीति और समाज के हितों से ऊपर रखना चाहिए. हमारे देश के उन शत्रुओं को हराने के लिए एकजुट होना चाहिए जो हमारे अभूतपूर्व विकास को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं.” उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सही रास्ता दिखाना चाहिए और उन्हें दिखाना चाहिए कि हमारी संस्कृति कितनी समृद्ध है.
प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम से शुरू हुई बाइक रैली इंडिया गेट होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में समाप्त हुई. ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का तीसरा संस्करण 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नौ से 15 अगस्त तक मनाया जा रहा है.

उपराष्ट्रपति ने कहा, ”भारत ऐसा देश बन चुका है जो लगातार आगे बढ़ रहा है. हमारा उत्थान अजेय है. हमारा उत्थान हमें 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाएगा जब हम अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे.” उन्होंने कहा, ”मैं हर भारतीय से अपील करता हूं कि आप इस मैराथन मार्च के महत्वपूर्ण हिस्सेदार हैं और यह बाइक रैली इसका एक हिस्सा है जिसे हरी झंडी दिखाने का सौभाग्य मुझे मिला. ऐसा पूरे देश में होगा और साल दर साल इसकी गति बढ़ती जाएगी.” धनखड़ ने अपने भाषण के अंत में लोगों से इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि इस झंडे को गर्व के साथ फहराएं और संकल्प लें कि इसका गौरव, प्रतिष्ठा और गौरव बढ़ता रहेगा और तिरंगा हर परिस्थिति में ऊंचा लहराता रहेगा. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, किरेन रीजीजू और मनसुख मांडविया भी मंच पर मौजूद थे. शेखावत ने कहा कि यह अभियान 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के बैनर तले शुरू किया गया था और अब यह जनांदोलन बन गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button