‘जाइंट किलर’ अफगानिस्तान को हराकर पहली बार फाइनल में पहुंची दक्षिण अफ्रीका

तारोबा/जोहानिसबर्ग. अपने जांबाज प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने वाले अफगानिस्तान का टी20 विश्व कप फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया जब दक्षिण अफ्रीका ने अपने पर लगा ‘चोकर्स’ का ठप्पा हटाते हुए उसे नौ विकेट से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बनाई.  अब दक्षिण अफ्रीका का सामना शनिवार को फाइनल में भारत या इंग्लैंड से होगा . इस हार के बावजूद हालांकि अफगान टीम फख्र के साथ सिर ऊंचा करके स्वदेश लौटेगी जिसने अपने जुझारू प्रदर्शन से समूचे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. दक्षिण अफ्रीका ने बेहतरीन गेंदबाजी का नमूना पेश करते हुए अफगानिस्तान को मात्र 56 रन पर आउट कर दिया

मार्को जेनसन ने 16 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि कैगिसो रबाडा ने 14 और एनरिच नॉर्किया ने सात रन देकर दो दो विकेट चटकाये . पावरप्ले के भीतर अफगानिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 28 रन था और पूरी टीम 11 . 5 ओवर में आउट हो गई .
क्विंटोन डिकॉक का विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने 8 . 5 ओवर में 60 रन आसानी से बना डाले . रीजा हेंडरिक्स 29 रन बनाकर और कप्तान एडेन माक्ररम 23 रन बनाकर नाबाद रहे .

अफगानिस्तान ने अपनी सारी ऊर्जा सेमीफाइनल तक पहुंचने में झोंक डाली थी जो उनके प्रदर्शन में नजर आया . दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों के सामने उनके बल्लेबाज टिक ही नहीं सके और टीम अपने न्यूनतम स्कोर पर आउट हो गई. दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने तो कहर बरपाया ही, अफगानिस्तान के बल्लेबाज भी गलतियां करते चले गए.

फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज को जेनसन ने आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद पर ललचाया और वह स्लिप में रीजा हेंडरिक्स को कैच दे बैठे . उनके जाते ही अफगानिस्तान बल्लेबाजी क्रम में हड़कम्प मच गया और जेनसन ने भीतर की ओर आती गेंद पर गुलबदिन नायब को आउट किया.

इब्राहिम जदरान ने रबाडा की गेंद पर अपना पैर बिल्कुल भी नहीं हिलाया और गेंद सीधे लेग स्टम्प पर पड़ी . चौथे ओवर में तीन गेंद बाद मोहम्मद नबी इसी अंदाज में आउट हुए लेकिन इस बार आफ स्टम्प पर निशाना था. नॉर्किया ने अजमतुल्लाह उमरजई को डीप में ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों लपकवाया.

इस विश्व कप में अफगानिस्तान के लिये गुरबाज , जदरान और उमरजई ने सबसे ज्यादा रन बनाये हैं लेकिन इस अहम मुकाबले में तीनों मिलकर 12 रन ही बना सके. कप्तान राशिद खान ने कुछ अच्छे शॉट्स की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने नॉर्किया के सामने पूरा स्टम्प खुला छोड़ दिया और बोल्ड हो गए.
लेग स्पिनर तबरेज शम्सी ने एक ही ओवर में करीम जनत और नूर अहमद के विकेट निकाले . उन्होंने छह रन देकर तीन विकेट लिये .

यह काफी जज्बाती पल है, हम फाइनल में पहुंच गए : स्मिथ , स्टेन की खुशी का ठिकाना नहीं

आईसीसी टूर्नामेंटों में अहम मुकाबले हारने की टीस झेल चुके ग्रीम स्मिथ और डेल स्टेन दक्षिण अफ्रीका के टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने के बाद खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं. पूर्व कप्तान स्मिथ ने एक्स पर मौजूदा कप्तान एडेन माक्ररम को टैग करते हुए लिखा ,”हम फाइनल में पहुंच गए . आपके और टीम के लिये बहुत खुश हूं . बस एक जीत और .” अपने समय के शीर्ष तेज गेंदबाज स्टेन ने लिखा ,” काफी जज्बाजी हो गया हूं . हम फाइनल में हैं . यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है .भावविभोर हूं .” दक्षिण अफ्रीका सरकार ने टीम को बधाई देते हुए लिखा ,” दक्षिण अफ्रीका की टीम को पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने की बधाई .” अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम की हार से दुखी होने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका को बधाई देते हुए लिखा ,’ हमने ऐसे परिणाम की उम्मीद नहीं की थी लेकिन अफगानिस्तान टीम को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की शाबासी . दक्षिण अफ्रीका को भी पहली बार फाइनल में पहुंचने पर बधाई .”

खुश हूं कि इस पिच पर फिर नहीं खेलना है, फाइनल में पहुंचना सुखद : माक्ररम

दक्षिण अफ्रीका को पहली बार टी20 विश्व कप फाइनल में ले जाने वाले कप्तान एडेन माक्ररम इस पिच पर दोबारा नहीं खेलना चाहते लेकिन उन्हें खुशी है कि उनकी टीम ने चुनौतीपूर्ण पिच पर एकतरफा जीत दर्ज की . ब्रायन लारा स्टेडियम की पिच पर मिलने वाली सीम का फायदा उठाकर उनके तेज गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 56 रन पर आउट करके नौ विकेट से जीत दर्ज की .

माक्ररम ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” अगर पिच की बात करें तो हमें खुशी है कि इस पर दोबारा नहीं खेलना है . टी20 क्रिकेट में आप मनोरंजन चाहते हैं .” उन्होंने कहा ,” पूरे टूर्नामेंट में पिचें चुनौतीपूर्ण थी . वैसे यह कहना मुश्किल है कि विकेट कठिन थी क्योंकि हमेशा यह बल्लेबाजों का खेल तो नहीं हो सकता . ऐसी विकेटों पर जीत के रास्ते निकालना अहम था .” दक्षिण अफ्रीका को अब बारबडोस में फाइनल में इंग्लैंड या भारत से खेलना है .

माक्ररम ने कहा ,” हम अपने पूरे कैरियर में यही करते आये हैं . एक जगह से दूसरी जगह , अलग अलग हालात में खेलना . एक बार फिर पिच के अनुरूप ढलना होगा . एक बार फिर जीतने के रास्ते निकालेंगे.” इससे पहले पुरस्कार वितरण के बाद उन्होंने कहा ,” यह हमारे लिये अगला कदम है . फाइनल हम पहली बार खेलने जा रहे हैं लेकिन डरने की कोई बात नहीं है .” उन्होंने कहा ,” यह जीत हमारे लिये काफी मायने रखती है . हमारे पास कई विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं लेकिन इस तरह के प्रदर्शन के लिये पूरी टीम को एक ईकाई के रूप में खेलना होता है .”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button