सुरुचि सिंह ने लगातार दूसरे विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता, मनु को रजत पदक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 08:22 PM
सुरुचि सिंह ने लगातार दूसरे विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता, मनु को रजत पदक
ऑडियो सुनें

लीमा. युवा निशानेबाज सुरुचि इंदर सिंह ने यहां 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए आईएसएसएफ विश्व कप में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीता, जबकि पेरिस ओलंपिक की पदक विजेता मनु भाकर ने रजत पदक जीतकर प्रतियोगिता में भारत का दबदबा सुनिश्चित किया.

ब्यूनस आयर्स में हाल में साल के पहले विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरियाणा के झज्जर की निवासी 18 वर्षीय सुरुचि ने 24 शॉट के फाइनल में 243.6 का स्कोर बनाकर मनु को 1.3 अंक से पीछे छोड़ा. चीन की याओ कियानक्सुन ने कांस्य पदक जीता.
सुरुचि और मनु के पोडियम पर पहुंचने का मतलब था कि भारत ने इस दिन प्रत्येक रंग का एक पदक जीता, जिसमें पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल के निशानेबाज सौरभ चौधरी का कांस्य पदक भी शामिल है.

पेरू की राजधानी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में शानदार प्रदर्शन के कारण भारत तीन पदकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया. उसके बाद चीन का नंबर आता है जिसने पुरुषों की एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता. महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में 60 शॉट के क्वालीफिकेशन राउंड में सुरुचि ने 582 अंक बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया था जबकि मनु ने 578 अंक बनाकर चौथे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी. भारत की एक अन्य निशानेबाज सैन्यम 571 अंक के साथ 11वें स्थान पर रही. पेरिस ओलंपिक में महिला एयर पिस्टल और मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मनु ने कहा कि वह भारतीय निशानेबाजों की प्रगति से खुश हैं और उन्होंने सुरुचि को उनके दूसरे विश्व कप स्वर्ण पदक के लिए बधाई भी दी.

उन्होंने कहा, ” मैं यह देखकर खुश हूं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक भारतीय निशानेबाज आगे आ रहे हैं और बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे मुझे लगता है कि भारत सही दिशा में आगे बढ. रहा है.” उन्होंने कहा, ”हम सभी सुरुचि के नाम से परिचित हैं. उसने ब्यूनस आयर्स (विश्व कप) के साथ-साथ यहां भी असाधारण प्रदर्शन किया. इसलिए मैं उसके लिए वास्तव में खुश हूं और मुझे उम्मीद है कि यह लंबे समय इस तरह के प्रदर्शन को जारी रखेगी. मुझे उम्मीद है कि युवा खिलाड़ियों के साथ मैं भी गति बनाए रखूंगी.” सुरुचि ने ब्यूनस आयर्स में सौरभ के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम कांस्य भी जीता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu