सुशील मोदी ने जीएसटी परिषद में महत्वपूर्ण योगदान दिया: खरगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 14 May 2024 12:29 PM
सुशील मोदी ने जीएसटी परिषद में महत्वपूर्ण योगदान दिया: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर दुख जताते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने जीएसटी परिषद में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। सुशील मोदी का सोमवार रात दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे।

खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता, श्री सुशील मोदी जी के निधन पर उनके परिवारजनों व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं।” उन्होंने कहा, “हमारी विचारधारा अलग थी, पर लोकतंत्र में देश हित सर्वोपरि होता है। उन्होंने जीएसटी परिषद में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। सादर श्रद्धांजलि।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता श्री सुशील कुमार मोदी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख के समय में मैं सभी शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav