सैफ पर हमला मामले में दुर्ग रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिए गये संदिग्ध को छोड़ दिया गया: पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 06:41 PM
सैफ पर हमला मामले में दुर्ग रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिए गये संदिग्ध को छोड़ दिया गया: पुलिस
ऑडियो सुनें

दुर्ग. बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर 16 जनवरी को मुंबई के बांद्रा स्थित उनके आवास में हुए हमले के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिए गये एक व्यक्ति को रविवार को छोड़ दिया गया. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी.
इससे पहले दिन में, मुंबई पुलिस ने बताया कि उसने मामले में महाराष्ट्र के ठाणे से 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया, ”शनिवार दोपहर दुर्ग स्टेशन पर मुंबई के लोकमान्य तिलक र्टिमनस से कोलकाता के शालीमार के बीच चलने वाली ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से हिरासत में लिया गया व्यक्ति सिर्फ एक संदिग्ध था और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया है. उसे रात भर दुर्ग स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की चौकी में रखा गया और आज सुबह छोड़ दिया गया.” पुलिस उपनिरीक्षक प्रदीप फुडे ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर संवाददाताओं से कहा, ” हम पूछताछ के लिए किसी को भी हिरासत में ले सकते हैं. हम इस बात पर जोर दे रहे थे कि वह सिर्फ एक संदिग्ध है. हमारी ओर से कोई गलती नहीं हुई है. हमने मीडिया से कहा था कि हम प्रामाणिक विवरण साझा करेंगे, लेकिन कुछ ने आगे बढ़कर उसे आरोपी घोषित कर दिया.” यहां आरपीएफ अधिकारियों ने शनिवार को कहा था कि मुंबई पुलिस द्वारा उस व्यक्ति की तस्वीर भेजे जाने के बाद उसे हिरासत में लिया गया.

फुडे के नेतृत्व में मुंबई पुलिस की एक टीम हिरासत में लिए गये व्यक्ति से पूछताछ करने के लिए कल रात यहां पहुंची थी. मुंबई पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने कथित हमलावर बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था और अपना नाम बदलकर बिजॉय दास रख लिया था.

मुंबई पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, वह 16 जनवरी की सुबह चोरी के इरादे से बांद्रा में सतगुरु शरण इमारत में सैफ के घर में घुसा था. हमले में सैफ (54) पर कई बार चाकू से वार किया गया, जिसके बाद निकट स्थित लीलावती अस्पताल में उनकी पांच घंटे तक सर्जरी की गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu