आर्थिक प्रगति के बगैर ‘विकसित भारत’ की बातें हवा-हवाई: प्रियंका

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 31 May 2025 01:59 PM
आर्थिक प्रगति के बगैर ‘विकसित भारत’ की बातें हवा-हवाई: प्रियंका
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में 6.5 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर रही, जो कोरोना काल के बाद सबसे सुस्त है। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि आर्थिक प्रगति के बगैर ‘विकसित भारत’ की बातें हवा-हवाई हैं।

विनिर्माण क्षेत्र के कमजोर प्रदर्शन से देश की आर्थिक वृद्धि वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में धीमी होकर 7.4 प्रतिशत रही। इसके साथ ही पूरे वित्त वर्ष के दौरान जीडीपी वृद्धि दर घटकर चार साल के निचले स्तर 6.5 प्रतिशत पर आ गई।

कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘देश की अर्थव्यवस्था चार साल के निचले स्तर पर पहुंच गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में जीडीपी वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत रही। कोरोना काल के बाद यह सबसे सुस्त रफ्तार है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा सरकार आर्थिक मोर्चे पर लगातार असफल हो रही है। देश भर में उद्योग-धंधे सिमट रहे हैं। औद्योगिक उत्पादन आठ महीने के निचले स्तर पर है।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘पूरे देश में भयंकर बेरोजगारी है और नयी नौकरियां पैदा नहीं हो रहीं। लोगों की आय घट रही है और आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है, इसलिए मांग और खपत भी घट रही है।’’ उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि आर्थिक प्रगति के बगैर विकसित भारत की बातें हवा-हवाई हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital