उत्तर प्रदेश में क्रिकेट मैच के दौरान गेंद लगने से किशोर की मौत

फिरोजाबाद. उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान चमड़े की गेंद लगने से 12 साल का एक किशोर बेहोश हो गया और बाद में एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, मृत बच्चे की पहचान फिरोजाबाद निवासी अंश के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान वह बल्लेबाजी कर रहा था. नगर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नारखी थाना क्षेत्र के गढी रंछोर मोहल्ले का रहने वाला अंश सोमवार शाम फ्यूचर क्रिकेट अकादमी की ओर से टूंडला में फाइनल मैच खेलने गया था.

प्रसाद ने बताया कि मैच खेलते समय विरोधी गेंदबाज की गेंद अंश के सीने में लगी, जिससे वह बेहोश हो गया. अधिकारी ने बताया कि उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया . उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, टूंडला थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अंजीश कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अंश का परिवार यह मानने को तैयार नहीं था कि उनके बेटे की मौत हो गई है.

थाना प्रभारी ने कहा, ”वे अंश को इलाज के लिए आगरा ले गए, क्योंकि उन्हें लगा कि वह अभी जिंदा है. आगरा से लौटने के बाद परिवार पुलिस के पास नहीं आया और सोमवार को ही फिरोजाबाद में उसका अंतिम संस्कार कर दिया.” कुमार ने कहा कि इसलिए, अंश के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button