तेलुगु अभिनेता शरथ बाबू का निधन, फिल्म और राजनीतिक जगत की हस्तियों ने जताया शोक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 May 2023 10:02 PM
तेलुगु अभिनेता शरथ बाबू का निधन, फिल्म और राजनीतिक जगत की हस्तियों ने जताया शोक
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/चेन्नई. तेलुगु सिनेमा के जाने-माने अभिनेता शरथ बाबू का यहां एक निजी अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया. वह 71 साल के थे. बाबू कुछ वक्त से बीमार थे और उन्होंने सोमवार को यहां एक अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन पर फिल्म और राजनीतिक जगत की हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है. अपने करीब पांच दशक लंबे करियर में बाबू ने तेलुगु, तमिल और कन्नड़ की करीब 250 फिल्मों में अदाकारी की.

अस्पताल ने बताया कि बाबू को 20 अप्रैल को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के मुताबिक, उनके विभिन्न अंग काम नहीं कर रहे थे और वह ‘मल्टीपल माइलोमा’ से पीड़ित थे और डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही थी. अस्पताल ने बताया कि उनके विभिन्न अंगों के काम नहीं करने की वजह से आज दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली. अस्पताल ने एक विज्ञप्ति में बताया कि उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें की गई थी.

तेलुगु में बाबू की यादगार फिल्मों में भारतीराजा की ‘सीथलकोका चिलाका’ और के. विश्वनाथ की ‘सागरा संगमं’, ‘आपथबन्धावुदू’ तथा ‘स्वाति मुथीयम’ शामिल हैं. उन्होंने कई तमिल फिल्मों में भी काम किया था, खासकर अभिनेता रजनीकांत के साथ कई फिल्मों में अभिनय किया. इनमें ‘मुल्लुम मलारुम’, ह्लअन्नामलाई’ और ‘मुथू’ शामिल हैं. अभिनेता कमल हासन ने बाबू को ‘बेहतरीन अभिनेता और अच्छा दोस्त” बताया और उनके साथ अपने अभिनय के दिनों को याद किया.

तेलुगु अभिनेता और निर्माता मुरली मोहन ने बाबू के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत अभिनेता के पार्थिव शरीर को आज शाम हैदराबाद में तेलुगु फिल्म चैंबर में रखा जाएगा जिसके बाद पार्थिव देह को तमिलनाडु में चेन्नई ले जाया जाएगा.
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने बाबू के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि तेलुगु फिल्म जगत ने एक ऐसे दिग्गज अभिनेता को खो दिया है, जिन्होंने अपनी उल्लेखनीय अभिनय शैली और कौशल से एक अमिट छाप छोड़ी है.

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बाबू के निधन पर दुख जताया और उनके विभिन्न यादगार किरदारों को याद किया.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, अभिनेता प्रकाश राज और रमेश अरविंद ने भी बाबू के देहांत पर दुख जताया.

रेड्डी ने ट्वीट किया कि बाबू ने तेलुगु फिल्मों में हर तरह की भूमिका निभाई है जिनमें नायक, खलनायक और चरित्र अभिनेता की भूमिकाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इससे उन्हें एक शानदार अभिनेता के तौर पर खास पहचान मिली. नायडू ने ट्विटर पर कहा कि बाबू का निधन दक्षिणी फिल्मों के प्रशंसकों के लिए बड़ी क्षति है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu