भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 10:15 PM
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी20 बारिश की भेंट चढ़ा
ऑडियो सुनें

डरबन. टी20 विश्व कप 2024 के लिए आदर्श संयोजन तलाशने की भारत की कोशिशों को रविवार को झटका लगा जब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां होने वाला पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच लगातार बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गया.
लगातार बारिश के कारण मैच में टॉस भी नहीं हो पाया.

मैच भारतीय समयानुसार साढ़े सात बजे शुरू होना था लेकिन लगातार बारिश के कारण पिच को कवर से ढककर रखा गया. अंपायरों ने लगभग दो घंटे इंतजार करने के बाद मैच रद्द करने का फैसला किया. तीन मैच की श्रृंखला का दूसरा टी20 मंगलवार 12 दिसंबर को केबेरहा में खेला जाएगा. केबेरहा को पहले पोर्ट एलिजाबेथ के नाम से जाना जाता था.

वेस्टइंडीज और अमेरिका में अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप से पहले अब भारतीय टीम को सिर्फ पांच और टी20 मुकाबले खेलने को मिलेंगे. इनमें से दो टी20 मौजूदा श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाएंगे जबकि तीन मैच अफगानिस्तान के खिलाफ जनवरी में स्वदेश में होंगे. टी20 विश्व कप से पहले आईपीएल 2024 खेला जाएगा और ऐसे में विश्व कप के लिए परफेक्ट 15 खिलाड़ियों को चुनने के लिए चयनकर्ताओं की नजरें इस प्रतिष्ठित टी20 लीग पर होंगी.

पहली बार दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आए रिंकू सिंह, जितेश शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को हालांकि मैच रद्द होने से निराशा होगी. इन खिलाड़ियों को अपना जलवा दिखाने के लिए अब दूसरे टी20 का इंतजार करना होगा. भारत ने दक्षिण अफ्रीका दौरे पर आने से पहले स्वदेश में पांच मैच की टी20 श्रृंखला में एकदिवसीय चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराया था. सूर्यकुमार यादव ने इस श्रृंखला में टीम की अगुआई करते हुए प्रभावित किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu