
उन्नाव/लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को युवाओं से हिन्दी फिल्म ‘द वैक्सीन वार’ देखने का आह्वान करते हुए कहा कि वैक्सीन वार भारत को वैश्विक मानचित्र पर नया सम्मान दिलाने की नई कामना का नाम है. योगी सोमवार को उन्नाव के ग्राम डौंडियाखेड़ा में 804 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा राव रामबख्श सिंह की अश्वारोही प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे .
उन्होंने कहा, ”भारत में कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन व 220 करोड़ नि:शुल्क वैक्सीन (टीका) देने का कार्य हुआ है.” लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार योगी ने कहा, ”नई फिल्म आई है – ‘द वैक्सीन वार’, इसमें आप देखेंगे कि भारत की शानदार वैज्ञानिक उपलब्धियों को लेकर भारत ने दुनिया के अंदर क्या मिसाल प्रस्तुत की है.
गौरतलब है कि 28 सितंबर को सिनेमा घरों में विवेक अग्निहोत्री निर्देशित हिंदी फिल्म ‘द वैक्सीन वार’ प्रर्दिशत हुई जिसमें नाना पाटेकर, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी जैसे जाने माने सिने कलाकारों ने भूमिका निभाई है. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के तिलहर के मूल निवासी विवेक अग्निहोत्री ने इसके पहले ज्वलंत मुद्दों पर ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ”द कश्मीर फाइल्स’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया है.
समारोह को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ”भारत की सनातन धर्म की परंपरा के अनुसार यह अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का पक्ष-पितृ पक्ष है. आजादी की अलख जगाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा रामबख्श सिंह की भव्य-दिव्य प्रतिमा के लोकार्पण का सौभाग्य मिला है.” योगी ने राजा रामबख्श की आजादी की लड़ाई में योगदान की विस्तार से चर्चा की. मुख्यमंत्री ने षड्यंत्रों को दुनिया के सामने बेनकाब किए जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ” वैक्सीन वार उस दिशा में किया गया बेहतरीन प्रयास है. इन्हें जनसमर्थन प्राप्त होना ही चाहिए.”



