प्रधानमंत्री को मणिपुर की स्थिति पर बयान देना चाहिए, सांसदों की मांग वाजिब : सत्यपाल मलिक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Jul 2023 08:04 PM
प्रधानमंत्री को मणिपुर की स्थिति पर बयान देना चाहिए, सांसदों की मांग वाजिब : सत्यपाल मलिक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सोमवार को कहा कि विपक्षी सांसदों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मणिपुर की स्थिति को लेकर बयान देने की जा रही मांग ”वाजिब” है. उन्होंने साथ ही सवाल किया कि राज्य के मुख्यमंत्री को क्यों नहीं हटाया गया.

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा, ”मुझे नहीं पता कि वह क्यों इससे (संसद में बयान देने से) बच रहे हैं.” प्रधानमंत्री मोदी की मुखर आलोचना के लिए चर्चा में रहे मलिक ने कहा, ”सांसदों की यह मांग वाजिब है कि माननीय प्रधानमंत्री को सदन में आकर अपना बयान देना चाहिए और मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए.” मलिक ने कहा कि प्रधान न्यायाधीश ने ”चेतावनी” दी की कि अगर जमीन पर कुछ नहीं होगा तो वह कदम उठाएगा जिसके बाद प्रधानमंत्री ने संसद के बाहर इस मुद्दे पर बात की.

मणिपुर की स्थिति के बारे में जब पूछा गया तो मलिक ने ‘पीटीआई वीडियो सेवा’ से कहा, ”यहां तक कि चार मई की घटना के बाद मुख्यमंत्री को हटाने को लेकर…दो महीने से अधिक समय बीत चुका है और अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई. यह पूरे देश के लिए शर्मनाक है.” प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में मलिक ने संयुक्त किसान मजदूर संगठन द्वारा बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन को सबसे पहले संबोधित किया और 2020-21 के किसान आंदोलन को याद किया जिसके बाद सरकार ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेने का फैसला किया था. जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल ने कहा कि किसान जानते हैं कि अपने अधिकारों के लिए कैसे लड़ा जाता है और ”मुझे उम्मीद है कि वे एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) भी लागू करा लेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu