‘भारत जोड़ो’ यात्रा का मकसद भाषण देना नहीं, लोगों की बात सुनना: जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Aug 2022 08:07 PM
‘भारत जोड़ो’ यात्रा का मकसद भाषण देना नहीं, लोगों की बात सुनना: जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/चेन्नई. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बोलने वाली नहीं, सुनने वाली यात्रा होगी जिसमें राहुल गांधी भाषण नहीं देंगे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की बात सुनेंगे. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 3,500 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू करेंगे जिसे 150 दिन में पूरा किया जाएगा. यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगी. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पार्टी का उद्देश्य भाजपा के ‘भारत बांटो’ के खिलाफ भारत जोड़ने’ का है.

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का सबसे बड़ा राजनीतिक जनसंपर्क अभियान है और राहुल गांधी सामाजिक ध्रुवीकरण, आर्थिक असमानता तथा केंद्र में अधिकारों के केंद्रीकरण जैसे विषयों पर पदयात्रा करेंगे. रमेश के मुताबिक राहुल गांधी पूरी यात्रा पैदल करेंगे.
रमेश ने कहा कि राहुल गांधी भाषण नहीं देंगे, वह दलितों और आदिवासियों समेत समाज के सभी लोगों की बात सुनेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘यह एक सार्वजनिक, खुली, पारदर्शी कवायद है.’’ रमेश के मुताबिक, राहुल गांधी के साथ जुड़ने के लिए समान विचारों के सभी लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है.

रमेश ने बताया कि राहुल गांधी सात सितंबर को कन्याकुमारी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने के बाद अगली सुबह से पैदल यात्रा शुरू करेंगे. उन्होंने बताया कि एक दिन में दो पालियों में 23 किलोमीटर की यात्रा की जाएगी. तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष के एस अलागिरि ने कहा कि कन्याकुमार में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन राहुल गांधी से मिलेंगे और उन्हें तिरंगा सौंपेंगे. राहुल गांधी की जनसभा में कांग्रेस के विभिन्न सहयोगी दलों के नेता भी भाग लेंगे.

कोविड से पहले के ‘मोदी स्लोडाउन’ से पार पाने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है: कांग्रेस

कांग्रेस ने मौजूदा वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े जारी होने से पहले बुधवार को कहा कि आंकड़ों में उछाल आ सकता है जिससे सुर्खियां बनेंगी, लेकिन वास्तविक विकास दर 2018 की तुलना में भी कम है. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि आर्थिक विकास दर को कोविड से पहले ‘नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पैदा की गई आर्थिक सुस्ती’ (मोदी स्लोडाउन) से पार पाने में अभी लंबा समय तय करना होगा.

रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ जुमला अलर्ट : अप्रैल-जून, 2022 के लिए जीडीपी के आंकड़े आज जारी होंगे. इसमें पिछले साल के मुकाबले उछाल आ सकता है. सुर्खियां बटोरेने वाले ये आंकड़े पहले कम रही विकास दर की वजह से ज्यादा होंगे.’’’ उन्होंने कहा कि हालांकि वास्तविक विकास दर 2018 की तुलना में भी कम है. वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े बुधवार को जारी किए जा सकते हैं.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu