समूचे कश्मीर में आसमान साफ, लेकिन पारे में गिरावट के कारण ठंड से राहत नहीं

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 13 Jan 2025 01:25 PM
समूचे कश्मीर में आसमान साफ, लेकिन पारे में गिरावट के कारण ठंड से राहत नहीं
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: समूचे कश्मीर में आसमान साफ रहा, हालांकि पारे में गिरावट दर्ज की गई और पहलगाम शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ घाटी में सबसे ठंडा स्थान बना रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक घाटी में मौसम मुख्यत? शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान से कम है।

उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, पंपोर शहर के कोनीबल में शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि घाटी में 18 जनवरी तक मुख्यत: बादल छाए रहने का अनुमान है, हालांकि इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। 15 और 16 जनवरी को ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है।
कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ की चपेट में है, जो र्सिदयों का सबसे कठोर समय होता है। 21 दिसंबर से शुरू हुए 40 दिनों के ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है।

‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होता है, उसके बाद 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिनों का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ होता है। इस अवधि में ठंड धीरे-धीरे कम होने लगती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital