कबीरधाम कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 09:56 PM
कबीरधाम कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली
ऑडियो सुनें

कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी अफवाह निकली. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को एक गुमनाम ईमेल के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने परिसर की गहन तलाशी ली. उन्होंने बताया कि परिसर की तलाशी के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और धमकी अफवाह निकली.

जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि कबीरधाम कलेक्टर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद पुलिस को सतर्क कर दिया गया. बघेल ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ईमेल में धमकी दी गयी कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) लगाया गया है और इसमें अपराह्न ढाई बजे तक विस्फोट किया जाएगा. कलेक्टर कार्यालय कबीरधाम के जिला मुख्यालय कवर्धा में स्थित है.

अधिकारी ने बताया कि धमकी के बाद बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते के साथ पुलिस के एक दल ने परिसर की गहन तलाशी ली.
उन्होंने बताया कि मौके पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को भी तैनात किया गया. बघेल ने बताया कि एहतियात के तौर पर पूरे कलेक्टर कार्यालय को तुरंत खाली करा लिया गया और आम नागरिकों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया.

अधिकारी ने बताया, “छापेमारी के दौरान परिसर में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, बम, विस्फोटक या कोई खतरनाक सामग्री नहीं मिली और धमकी झूठी निकली.” उन्होंने बताया कि पुलिस की साइबर शाखा ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है.
अधिकारी ने बताया कि ऐसी अफवाह फैलाने वालों या झूठी धमकी देकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu