
नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को कहा कि नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में जारी मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना प्रपत्र का वितरण लगभग पूरा हो गया है और लगभग 99 प्रतिशत मतदाताओं को आंशिक रूप से भरा हुआ दस्तावेज मिल गया है. अपने दैनिक एसआईआर बुलेटिन में आयोग ने कहा कि 50.97 करोड़ मतदाताओं में से 50.40 करोड़ को फॉर्म जारी किए गए हैं, जो 98.89 प्रतिशत है.
एसआईआर की कवायद का दूसरा चरण चार नवंबर को शुरू हुआ था और चार दिसंबर तक जारी रहेगा. जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की कवायद जारी है, उनमें छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप शामिल हैं. इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और पश्चिम बंगाल में 2026 में विधानसभा चुनाव होना है. असम में भी अगले साल विधानसभा चुनाव होना है. आयोग ने पूर्वोत्तर के इस राज्य के लिए ”विशेष पुनरीक्षण” की घोषणा की है.



