फिर बढ़े वाहन ईंधन के दाम; कई शहरों में पेटूोल 100 रुपये के पार, मप्र, राजस्थान में डीजल का ‘शतक’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Apr 2022 01:17 PM
फिर बढ़े वाहन ईंधन के दाम; कई शहरों में पेटूोल 100 रुपये के पार, मप्र, राजस्थान में डीजल का ‘शतक’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. वाहन ईंधन कीमतों में रविवार को लगभग दो सप्ताह में 11वीं बार बढ़ोतरी की गई. इससे देश के सभी प्रमुख शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के पार हो गया है. वहीं कुछ स्थानों पर डीजल भी ‘शतक’ को पार कर गया है. रविवार को पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 80-80 पैसे प्रति लीटर और बढ़ाए गए हैं.

पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार, राजधानी में पेट्रोल की कीमत अब 102.61 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 103.41 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल का दाम 93.87 रुपये से बढ़कर 94.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है. देशभर में स्थानीय करों की वजह से वाहन ईंधन कीमतों में अंतर होता है. यह वाहन ईंधन कीमतों में 22 मार्च से 11वीं वृद्धि है. इससे पहले करीब साढ़े चार माह तक वाहन ईंधन के दाम नहीं बढ़ाए गए थे. कुल मिलाकर इस दौरान पेट्रोल आठ रुपये लीटर महंगा हुआ है.

श्रीनगर से लेकर कोच्चि तक देश के सभी प्रमुख शहरों में अब पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक के भाव पर बिक रहा है.
वहीं तिरुवनंतपुरम (101.83 रुपये प्रति लीटर), हैदराबाद (103.3 रुपये), मुंबई (102.62 रुपये), भुवनेश्वर (100.1 रुपये), रायपुर (100.74 रुपये), राजस्थान, मध्य प्रदेश, तेलंगाना ओर आंध्र प्रदेश में डीजल शतक को पार कर चुका है. चेन्नई और भोपाल में डीजल 99 रुपये प्रति लीटर से अधिक हो गया है.

आंध्र प्रदेश के चित्तूर में डीजल सबसे महंगा यानी 105.52 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है. वहीं राजस्थान के श्री गंगानगर में पेट्रोल का दाम सबसे ऊंचा यानी 120.65 रुपये प्रति लीटर है. मूडीज इन्वेस्टर्स र्सिवसेज ने पिछले महीने कहा था कि विधानसभा चुनावों के समय वाहन ईंधन कीमतों में बदलाव नहीं करने से सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को 2.25 अरब डॉलर या 19,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है. कोटक इंस्टिट्यूशनल इक्विटीज के अनुसार, कच्चे तेल के दाम 100 से 120 डॉलर रहने पर पेट्रोलियम कंपनियों को डीजल कीमतों में 13.1 से 24.9 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल कीमतों में 10.6 से 22.3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि करने की जरूरत होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu