इस दिवाली स्थानीय उत्पाद खरीदें, सेल्फी ‘नमो ऐप’ पर करें साझा : प्रधानमंत्री

भारत में पेटेंट आवेदनों में वृद्धि युवाओं में नवोन्वेष के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है : मोदी

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से इस दिवाली स्थानीय स्तर पर विनिर्मित उत्पाद खरीदने और उस उत्पाद या उसके निर्माता के साथ एक सेल्फी ‘नमो ऐप’ पर साझा करने का बुधवार को आह्वान किया. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ” इस दिवाली आइए हम नमो ऐप पर #वोकल फॉर लोकल के साथ भारत की उद्यमशीलता तथा रचनात्मक भावना का जश्न मनाएं.”

उन्होंने कहा, ” ऐसे उत्पाद खरीदें जो स्थानीय स्तर पर बनाए गए हों और फिर नमो ऐप पर उत्पाद या निर्माता के साथ एक सेल्फी साझा करें. अपने मित्रों और परिवार को इस कड़ी में शामिल होने और सकारात्मकता की भावना फैलाने का आह्वान करें.” मोदी ने कहा, ” आइए हम स्थानीय प्रतिभाओं का समर्थन करने, साथी भारतीयों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और अपनी परंपराओं को समृद्ध बनाए रखने के लिए डिजिटल मीडिया की ताकत का इस्तेमाल करें.” अक्टूबर में अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी मोदी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ यानी स्थानीय उत्पादों को खरीदने पर जोर देने की बात दोहराई थी.

उन्होंने कहा था, ” हर बार की तरह इस बार भी त्योहारों में हमारी प्राथमिकता ‘वोकल फॉर लोकल’ होनी चाहिए. मैं एक बार फिर अनुरोध करना चाहता हूं कि आप जहां भी घूमने या तीर्थयात्रा पर जाएं स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पाद खरीदें.” उन्होंने लोगों से लेनदेन के दौरान यूपीआई डिजिटल भुगतान प्रणाली का अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया था और कहा था कि स्थानीय उत्पाद खरीदने से कारीगरों की दिवाली भी रोशन हो जाएगी.

भारत में पेटेंट आवेदनों में वृद्धि युवाओं में नवोन्वेष के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत में पेटेंट आवेदनों में वृद्धि यहां के युवाओं में नवोन्मेष को लेकर बढ़ते उत्साह को दर्शाती है और आने वाले समय के लिए यह बेहद सकारात्मक संकेत है. प्रधानमंत्री विश्व बौद्धिक संपदा संगठन की एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें कहा गया है कि भारत के निवासियों द्वारा पेटेंट आवेदनों में 2022 में 31.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो शीर्ष 10 पेटेंट आवेदक देशों में किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक है.

विश्व बौद्धिक संपदा संगठन की रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन, अमेरिका, जापान, दक्षिण कोरिया और जर्मनी 2022 में सबसे अधिक पेटेंट दाखिल करने वाले देश थे. चीन के नवप्रवर्तक सभी वैश्विक पेटेंट आवेदनों में से लगभग आधे दाखिल कर रहे हैं हालांकि देश की विकास दर लगातार दूसरे वर्ष 2021 में 6.8 प्रतिशत से गिरकर 2022 में 3.1 प्रतिशत हो गई. प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “भारत में पेटेंट आवेदनों में वृद्धि हमारे युवाओं के नवोन्वेष को लेकर बढ़ते उत्साह को दर्शाती है और आने वाले समय के लिए यह एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है.”

अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में ले जाऊंगा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल में वह देश को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में ले जायेंगे. 17 नवंबर को राज्य विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के दमोह शहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, मोदी ने यह भी कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना जारी रखेंगे.

उन्होंने कहा कि लोगों ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस को सत्ता सौंपी, लेकिन उनके मुख्यमंत्री सट्टेबाजी और काला धन पैदा करने में शामिल पाए गए. मोदी ने कहा कि 2014 के बाद देश की अर्थव्यवस्था 200 से अधिक वर्षों तक देश पर शासन करने वाले ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया में 10वें से 5वें स्थान पर पहुंच गयी.

उन्होंने कहा कि 2014 में जब हम सत्ता में आए तो देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान पर थी. धीरे-धीरे यह 9वें, 8वें, 7वें और 6वें स्थान पर पहुंची लेकिन कहीं कोई इसके बारे में बात नहीं कर रहा था. प्रधानमंत्री ने कहा, ”जब यह 200 साल तक देश पर राज करने वाले ब्रिटेन को पीछे छोड़कर 5वें स्थान पर पहुंची तो हर कोई हैरान रह गया और भारत की ओर देखने लगा.” मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल के दौरान वह देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में ले जायेंगे.
अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में वापस आती है, तो राज्यों में “85 प्रतिशत कमीशन मशीन” काम करेगी जैसा कि उस पार्टी के एक प्रधानमंत्री ने एक बार कहा था. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि केंद्र द्वारा जारी प्रत्येक एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लक्षित लाभार्थी तक पहुंचते हैं.

मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि वे गरीब लोगों के लिए मुफ्त राशन योजना को पांच साल के लिए बढ़ाने के उनके वादे के बारे में चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे. मोदी ने कहा, ”उन्हें यह पाप करने दीजिए, मैं लोगों के लिए अच्छा काम करना जारी रखूंगा.” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना जारी रखेंगे. उन्होंने सभा में लोगों से पूछा कि क्या उन्हें ऐसा करना चाहिए या नहीं, जिस पर जनता ने ‘हां’ में उत्तर दिया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button