जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: PM मोदी ने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 11:00 PM
जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा: PM मोदी ने पहलगाम में आतंकी हमले पर कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उन्हें (आतंकवादियों को) बख्शा नहीं जाएगा. उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा. आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है तथा यह और भी मजबूत होगा.” मोदी ने हमले में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

उन्होंने कहा, ”मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है.” मोदी ने हमले के बाद गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए सभी उपयुक्त कदम उठाने को कहा. कश्मीर के पहलगाम शहर के पास एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए. मृतकों में ज्यादातर पर्यटक शामिल हैं. 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में यह सबसे घातक हमला है. इस संबंध में एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना बताया कि 26 मृतकों में दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक शामिल हैं. कई केंद्रीय मंत्रियों ने आतंकी हमले की निंदा की है.

पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आतंकी हमले के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस हमले को कायराना हरकत करार दिया. उन्होंने कहा, ”जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले को कायराना कृत्य करार दिया. सिंह ने कहा, ”जम्मू एवं कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले से गहरा सदमा लगा है. निर्दोष लोगों को निशाना बनाने से ज्यादा कायरतापूर्ण कुछ नहीं हो सकता.” खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आतंकवादी हमले के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu