कार और बस की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत…

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 01:58 PM
कार और बस की जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत…
ऑडियो सुनें

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर एक कार और रोडवेज बस की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह हादसा मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सतहरिया पुलिस चौकी के पास गुरुवार सुबह साढ़े चार बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग महाकुंभ से गंगा स्नान करके लौट रहे थे तभी कार की सिकंदराबाद डिपो की रोडवेज बस से सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी गंगा सागर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया। इस दुर्घटना में कार चालक संजय सिंह (45), बिंदु सिंह (40) और विमला देवी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा महेश तिवारी (52), विद्यावती सिंह (43) और किरन देवी तिवारी (47) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बता दें कि मृतक और घायल यात्री महराजगंज जिले के समदेऊआ थाना क्षेत्र के धनहानायक गांव और गोरखपुर जिले के खोरावर व झगहा गांव के निवासी थे। इससे पहले 28 जनवरी को रायबरेली में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बोलेरो के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई थी। मामला भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज बाईपास स्थित कान्हा होटल के पास का है। बोलेरो सवार सभी लोग संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में स्नान करके लखनऊ वापस लौट रहे थे। तभी उसकी तेज रफ्तार ट्रैक्टर से आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। इस हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital