हमास के शीर्ष नेता गाजा में युद्ध पर बातचीत के लिए काहिरा पहुंचे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Dec 2023 07:49 PM
हमास के शीर्ष नेता गाजा में युद्ध पर बातचीत के लिए काहिरा पहुंचे
ऑडियो सुनें

दीर अल बलाह/यरूशलम. हमास के शीर्ष नेता इस्माइल हानियेह गाजा में युद्ध पर बातचीत के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंच गए हैं. गाजा में 10 सप्ताह से अधिक समय से इजराइल की बमबारी और युद्ध में करीब 20,000 फलस्तीनी मारे गए हैं. इजराइल ने दुनिया से हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में काली सूची में डालने का आह्वान करते हुए कहा है कि सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में किए गए हमले के बाद इसका नामोनिशान मिटा देना चाहिए.

हालांकि, दोनों पक्षों ने हाल में मिस्र और कतर की मध्यस्थता से अप्रत्यक्ष वार्ता फिर से शुरू की है, जिसका उद्देश्य एक और संघर्ष विराम करना और इजराइल द्वारा कैद किए गए फलस्तीनियों के बदले में उस हमले में पकड़े गए अधिक बंधकों को मुक्त कराना है.
हाल के दिनों में उच्च-स्तरीय अधिकारियों की सक्रियता के बावजूद, दोनों पक्ष किसी समझौते से दूर नजर आ रहे हैं. हमास ने एक बयान में कहा कि हानियेह मिस्र के अधिकारियों के साथ युद्ध पर चर्चा करेंगे.

हमास के सात अक्टूबर के हमले के साथ शुरू हुए युद्ध के बाद से कतर और मिस्र ने आतंकवादी समूह और इजराइल के बीच मध्यस्थ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. माना जाता है कि हानियेह कतर में रहते हैं. हमास ने कहा कि हानियेह बुधवार को काहिरा पहुंचने के बाद मिस्र के अधिकारियों के साथ युद्ध पर चर्चा करेंगे.

इजराइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने मंगलवार को कहा कि इजराइली सेना क्षेत्र से आतंकवादियों के ”अंतिम सफाए” के लिए उत्तरी गाजा में हमास के सुरंग नेटवर्क में प्रवेश कर रही है. गाजा सहित सघन आबादी वाले शहरी हिस्से में भीषण लड़ाई हुई है. फलस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने हाल के दिनों में बमबारी में दर्जनों लोगों के मारे जाने की सूचना दी है.

गैलेंट ने कहा कि दूसरे सबसे बड़े शहर खान यूनिस समेत दक्षिणी गाजा में ऑपरेशन में ”महीने” लगेंगे. उन्होंने कहा, ”हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक हम अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच जाते.” हमास नियंत्रित गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से मारे जाने वालों की संख्या 19,600 से अधिक हो गई है. लड़ाकों और आम नागरिकों के अलग अलग आंकड़े नहीं दिए गए हैं.

सात अक्टूबर के हमले में हमास और अन्य आतंकवादियों ने लगभग 240 लोगों का अपहरण कर लिया. मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों समेत कुछ लोगों को पिछले महीने रिहा कर दिए जाने के बाद भी 129 लोग हमास के कब्जे में हैं. इजराइल की सेना ने कहा है कि गाजा में जमीनी हमले में उसके 131 सैनिक मारे गए हैं. इजराइल का कहना है कि उसने लगभग 7,000 आतंकवादियों को मार गिराया है.

इजराइल हजारों निर्माण श्रमिकों की भर्ती के लिए भारत में चलाएगा अभियान
इजराइल में निर्माण श्रमिकों की किल्लत को पूरा करने के लिए भारत से हजारों श्रमिकों की भर्ती करने की तैयारी चल रही है. इस सिलसिले में इजराइल के ‘चयनकर्ताओं’ की एक टीम पिछले सप्ताह भारत दौरे पर गई थी और अगले सप्ताह भी एक टीम भारत रवाना होने वाली है. इजराइल बिल्डर्स एसोसिएशन (आईबीए) के उप महानिदेशक और प्रवक्ता शाय पॉजनर ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में यह जानकारी दी.

उन्होंने कहा, ”हम अगले सप्ताह 27 दिसंबर को दिल्ली और चेन्नई में भर्ती प्रक्रिया शुरू करेंगे. फिलहाल हम सरकार की मंजूरी के अनुरूप 10,000 (श्रमिक) लाने पर विचार कर रहे हैं. निकट भविष्य में यह संख्या 30,000 तक पहुंच जाएगी. यह इस पर निर्भर करेगा कि यह प्रक्रिया कैसे चलती है. यह एक निरंतर चलने वाला प्रयास है और इसमें कई महीने लगेंगे.” पॉज.नर ने कहा, ”अगले सप्ताह से शुरू होने वाली चयन प्रक्रिया 10-15 दिनों तक जारी रहेगी.” उन्होंने कहा, श्रमिकों से संबंधित मुद्दों और चयन दल का जिम्मा संभालने वाले खंड के प्रमुख इजैक गुरविट्ज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पिछले सप्ताह भारत में था.

वहीं अगले सप्ताह भारत रवाना होने वाले प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई निर्माण एवं आवास मंत्रालय के महानिदेशक येहुदा मोर्गनस्टर्न करेंगे. इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान भारत से इजराइल में श्रमिकों के आगमन का समय आगे खिसकाने के बारे में चर्चा हुई थी. पॉजनर ने पिछले महीने पीटीआई-भाषा से कहा था कि इजराइल को तत्काल अधिक श्रमिकों की जरूरत है. इजराइली निर्माण उद्योग उन विशिष्ट क्षेत्रों में श्रमिकों को रोजगार देता है जहाँ इजराइली श्रमिकों की कमी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu