दर्दनाक सड़क हादसा: नेपाल में यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक वैन खाई में गिरी, 10 की मौत; पांच घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 11:39 AM
दर्दनाक सड़क हादसा: नेपाल में यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक वैन खाई में गिरी, 10 की मौत; पांच घायल
ऑडियो सुनें

नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीमफेदी गांवपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी के पास यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन (ईवी) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश 03-001 ज 0880 नंबर की इलेक्ट्रिक वैन काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़कखंड पर चिसापानी गढ़ी के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव शामिल हैं। हेटौंडा अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आई है, जबकि सक्षम कुमार यादव के शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। वहीं तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आई है। उनकी स्थिति मध्यम बताई गई है।
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने बताया कि दुर्घटना में कुल 10 लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav