गढ़चिरौली में 16 लाख रुपये के इनाम वाली दो महिला नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में दो महिला नक्सलियों ने बृहस्पतिवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. दोनों पर कुल 16 लाख रुपये का इनाम है. ये दोनों सुरक्षा बलों के साथ विभिन्न मुठभेड़ में शामिल थीं . अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया आत्मसमर्पण करने वाली दोनों नक्सलियों की पहचान प्रमिला सुखराम बोगा ऊर्फ मंजूबाई (36) तथा अखिला शंकर पुडो ऊर्फ रत्नामाला (34) के तौर पर की गयी है. उन्होंने बताया कि दोनों ने गढ़चिरौली पुलिस एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया.

गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों नक्सली प्लाटून पार्टी कमेटी की सदस्य थी जो प्रतिबंधित माओवादी संगठन है. इसमें कहा गया है कि प्रमिला बोगा 40 मामलों में नामजद है जिनमें से 20 मुठभेड़ से और दो आगजनी से संबधित हैं. बयान में कहा गया है कि प्रमिला पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था .

इसमें कहा गया है कि अखिला के खिलाफ सात मामले हैं और इनमें से चार हत्या के मामले शामिल हैं. बयान में कहा गया है कि अखिला के खिलाफ दो मामले मुठभेड़ के भी हैं और उस पर भी आठ लाख रुपये का इनाम है. बोगा और पुडो को उनके पुनर्वास के लिये सरकार की नीति के अनुसार पांच-पांच लाख रुपये मिलेंगे . पुलिस के अनुसार 2022 से अब तक गढ़चिरौली पुलिस के समक्ष 21 कुख्यात नक्सलियों ने आत्समर्पण किया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button