ब्रिटेन के भारतीय मूल के सांसद नवेन्दु मिश्रा की लखनऊ में संपन्न हुई शादी, जड़ों से गहरा जुड़ाव दिखा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 09:06 PM
ब्रिटेन के भारतीय मूल के सांसद नवेन्दु मिश्रा की लखनऊ में संपन्न हुई शादी, जड़ों से गहरा जुड़ाव दिखा
ऑडियो सुनें

लखनऊ. ब्रिटिश लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता और 2019 से ब्रिटेन के ‘स्टॉकपोर्ट’ से लगातार दूसरी बार के सांसद भारतीय मूल के नवेन्दु मिश्रा (36) यहां मध्यप्रदेश की भोपाल निवासी गरिमा तिवारी के साथ परिणय सूत्र में बंध गये. यहां सनातन परंपरा के अनुरूप विवाह की सभी रस्में निभायी गयीं और अपनी जड़ों से नवेन्दु मिश्रा का गहरा जुड़ाव दिखा. हल्दी-मेहंदी से लेकर हर रस्म को उन्होंने शिद्दत से निभाया और सबसे खास बात यह कि हर मौके पर वह अपने बड़े-बुजुर्गों और मेहमानों का पैर छूकर आशीर्वाद लेते देखे गये.

ब्रिटेन की स्टॉकपोर्ट सीट से दूसरी बार सांसद चुने गए नवेन्दु मिश्रा का जन्म 1989 में कानपुर में हुआ था और गोरखपुर उनका ननिहाल है. नवेन्दु मिश्रा महज चार साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ ब्रिटेन चले गए थे और वहां पूरी तरह रचने-बसने के बाद भी वह अपनी मिट्टी से अलग नहीं हुए. जब भी मौका मिला, वह भारत आकर अपने परिजनों-रिश्तेदारों से मिलते रहे और शादी भी यहीं की.

नवेन्दु मिश्रा के शादी समारोह में उनके पिता प्रभात मिश्रा और मां मीनू पांडेय मिश्रा के अलावा उनके मामा नीलेन्द्र पांडेय ने अहम भूमिका निभायी. वधू पक्ष से गरिमा के पिता हरेन्­द्र तिवारी और माता विद्या तिवारी भी समारोह में सक्रिय रहीं. नवेन्दु मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा,”हमें अपनी परंपरा पर गर्व है और उसी अनुरूप जीवन की यह पारी शुरू कर रहा हूं.” उन्होंने कहा ,”मेरे माता-पिता ने हमेशा मिट्टी से जुड़े होने का संस्कार दिया और यह जीवन भर मेरे साथ रहेगा.” नवेन्दु के मामा नीलेन्द्र पांडेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लखनऊ में शहीद पथ पर 20 अप्रैल को अंसल गोल्फ सिटी स्थित एक होटल से नवेन्दु-गरिमा का विवाह समारोह संपन्न हुआ.

नीलेन्द्र पांडेय के मुताबिक दुल्­हन गरिमा के पिता हरेन्­द्र तिवारी मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी हैं लेकिन बागवानी विभाग में मध्यप्रदेश के भोपाल में कार्यरत थे और सेवानिवृत्त होने के बाद वहीं बस गये. नवेन्दु की शादी उनके माता-पिता ने तय की.
नीलेन्द्र पांडेय के अनुसार गरिमा ने ग्लासगो विश्वविद्यालय स्­कॉटलैंड से आपदा प्रबंधन में मास्टर की डिग्री हासिल की है. नवेन्दु मिश्रा ने अपने माता पिता की इच्छा और पसंद के अनुरूप विवाह किया.

नीलेन्द्र पांडेय का कहना है कि नवेंदु मिश्रा महज चार साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ ब्रिटेन चले गए थे. नवेंदु लंदन से पढ़ाई पूरी करने के बाद लेबर पार्टी से राजनीति में आए और दिसंबर 2019 के चुनाव में स्टॉकपोर्ट सीट से पहली बार सांसद चुने गए. जुलाई 2024 में नवेन्दु मिश्रा दोबारा उसी सीट से सांसद निर्वाचित हुए. नीलेन्द्र पांडेय ने बताया कि नवेंदु स्टॉकपोर्ट में ट्रेड यूनियन के जरिए राजनीति में आए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu