मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर यातायात बाधित होने के बाद वैष्णव ने की समीक्षा, बहाली में तेजी के निर्देश

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 06 Jul 2026 11:52 AM
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर यातायात बाधित होने के बाद वैष्णव ने की समीक्षा, बहाली में तेजी के निर्देश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को भारी बारिश और भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल सेवाओं में आए व्यवधान की समीक्षा की और अधिकारियों को जल्द से जल्द परिचालन बहाल करने का निर्देश दिया। वैष्णव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मैंने मुंबई-पुणे घाट खंड में भारी भूस्खलन और रेलवे पटरियों पर पत्थर गिरने से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की है।”

उन्होंने कहा, ”टीम बहाली के कार्य में जुटी हुई है। आज भी भारी बारिश के आसार हैं। मैंने पश्चिम और मध्य दोनों रेलवे के अधिकारियों को एक टीम के रूप में काम करने के लिए कहा है ताकि सभी ट्रेन सेवाओं की जल्द बहाली की जा सके।” इससे पहले, मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने कहा कि घाट खंड में ठाकुरवाडी के पास भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि तड़के तीन बजकर पांच मिनट पर खंडाला और मंकी हिल के बीच मध्य लाइन पर एक और भूस्खलन की सूचना मिली।

नीला ने कहा कि भूस्खलन के कारण तीनों रेलवे लाइन प्रभावित हुई हैं, जिसके कारण मध्य रेलवे को कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द, उनका मार्ग परिवर्तन और नियंत्रित करना पड़ा। नीला ने कहा, ”कर्जत और लोनावला के बीच दक्षिण पूर्व घाट खंड में लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई मंडल की अप लाइन पर ठाकुरवाडी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच भूस्खलन हुआ।”

इस व्यवधान के कारण सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि लंबी दूरी की कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया, आंशिक रूप से रद्द किया गया, बदले हुए स्टेशन से शुरू किया गया या उनके समय में बदलाव किया गया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि बहाली का काम किया जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav