
तमिलनाडु: देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना पूरी हो चुकी है। बंगाल में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल की है। केरल ने यूडीएफ गठबंधन ने एलडीएफ को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की है।
अतुल बोरा ने हिमंत बिस्वा सरमा को दी बधाई, कहा- यह जीत दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम
असम विधानसभा चुनाव 2026 में एनडीए गठबंधन की शानदार जीत के बाद असम सरकार के मंत्री और एजीपी नेता अतुल बोरा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात कर उन्हें इस बड़ी कामयाबी पर बधाई दी। इस दौरान बोरा ने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिस पर जनता ने मुहर लगाई है। राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए भाजपा नीत एनडीए ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया है।
सिर्फ कांग्रेस के समर्थन से तमिलनाडु में सरकार नहीं बना सकती टीवीके: द्रमुक नेता
तमिलनाडु चुनाव के नतीजों पर द्रमुक नेता टीकेएस इलांगोवन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके केवल कांग्रेस के समर्थन से सरकार नहीं बना सकती, क्योंकि कांग्रेस के पास सिर्फ पांच विधायक हैं। 234 सीटों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतने वाली टीवीके को अन्नाद्रमुक (47 सीटें) के समर्थन की जरूरत होगी। इलांगोवन ने कहा कि अगर अन्नाद्रमुक समर्थन नहीं देती है, तो त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनेगी और दोबारा चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने अपनी हार की समीक्षा करने की बात कहते हुए भाजपा पर राज्य में माहौल बिगाड़ने का आरोप भी लगाया।
जनता ही असली मालिक, यूडीएफ सीपीआई(एम) की गलतियों से ले सबक: एके एंटनी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एके एंटनी ने यूडीएफ नेतृत्व से विनम्रता के साथ शासन करने और जनादेश का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यूडीएफ को सीपीआई के नेतृत्व वाली वामपंथी सरकार की गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए। एंटनी ने कहा कि ‘जनता ही असली मालिक है’ और नई सरकार को लोकलुभावन फैसलों के बजाय राज्य की आर्थिक स्थिति सुधारने को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने सीपीआई (एम) को आत्ममंथन करने की सलाह भी दी। मुख्यमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीनों संभावित चेहरे योग्य हैं और आलाकमान सभी से विचार-विमर्श के बाद उचित फैसला लेगा।
तमिलनाडु में विजय बने विधायक दल के नेता
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। टीवीके राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी प्रमुख विजय द्रविड़ राजनीति के संस्थापक सीएन अन्नादुरई को श्रद्धांजलि अर्पित कर नई शुरुआत के संकेत दिए। चेन्नई के पास पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक हुई, जिसमें विजय को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया।
असम और पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को असम में पार्टी के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में पार्टी के विधायी दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
राजारहाट न्यू टाउन सीट पर वोटों की दोबारा गिनती शुरू
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बीच निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को राजारहाट न्यू टाउन विधानसभा सीट पर वोटों की दोबारा गिनती (रीकाउंटिंग) शुरू कर दी है। यह राज्य की एकमात्र ऐसी सीट है जिसके अंतिम नतीजे पर फिलहाल रोक लगा दी गई थी। दरअसल, दोनों प्रमुख उम्मीदवारों के बीच हार-जीत के बेहद मामूली अंतर को लेकर एक उम्मीदवार द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद चुनाव आयोग ने यहां फिर से मतगणना कराने का फैसला किया है। चुनाव पैनल के एक अधिकारी ने बताया कि रीकाउंटिंग पूरी होने के बाद ही अंतिम नतीजे घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, सोमवार को 17वें राउंड की गिनती के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार तापश चटर्जी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पीयूष कनोडिया से मात्र 323 वोटों से आगे चल रहे थे। मंगलवार के ताजा रुझानों में भी चटर्जी आगे चल रहे हैं। इस सीट पर पीछे चल रहे अन्य उम्मीदवारों में भाजपा के पीयूष कनोडिया के अलावा आम जनता उन्नयन पार्टी के फिरदौस अली मोल्ला और माकपा (CPI-M) के सप्तर्षि देब शामिल हैं।



