पश्चिम बंगाल में हिंसा व तुष्टीकरण सामान्य बात : अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Jun 2023 10:05 PM
पश्चिम बंगाल में हिंसा व तुष्टीकरण सामान्य बात : अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

शिमला. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला बोलते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में हिंसा, तुष्टीकरण, अराजकता और भ्रष्टाचार सामान्य बात हो गई है. हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक रैली को संबोधित करते हुए, ठाकुर ने “कट-मनी मुद्दे” और “नौकरी घोटाले” की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल जल रहा है. ठाकुर ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर के गृह राज्य की बदनामी हो रही है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “जिस बंगाल में ममता दीदी सरकार चलाती हैं, वो जल रहा है. बंगाल का गौरव, पहचान और गरिमा भी आग की लपटों में है. बंगाल पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रवींद्रनाथ टैगोर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, स्वामी विवेकानंद के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यह बदनाम हो रहा है.” उन्होंने कहा, “हिंसा, तुष्टीकरण, अराजकता, भ्रष्टाचार बंगाल के लिए सामान्य बात हो गई है.” ठाकुर ने कहा, ” मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि जैसे ही पंचायत चुनाव की घोषणा हुई, बंगाल में हिंसा का दौर लौट आया. जे पी नड्डा के यहां (हिमाचल प्रदेश) आने पर आपने फूल बरसाए, लेकिन बंगाल में उनका स्वागत हिंसा से किया गया. यही अंतर है.” मंत्री ने बिहार में लालू प्रसाद यादव के शासनकाल को लेकर भी निशाना साधा.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ठाकुर ने कहा, “सफाई कर्मचारी की नौकरी के लिए चार लाख रुपये और क्लर्क की नौकरी के लिए पांच लाख रुपये. ममता दीदी के राज्य में वही स्थिति है जैसा लालूजी के दौर में था. बंगाल में पैसे के बदले नौकरी है तो बिहार में ज.मीन के बदले नौकरी. यह लालूजी के शासन में हुआ था.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu