विराट कोहली को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है, उनका योगदान अद्वितीय है: कपिल देव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Nov 2024 08:02 PM
विराट कोहली को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है, उनका योगदान अद्वितीय है: कपिल देव
ऑडियो सुनें

मुंबई. पूर्व दिग्गज हरफनमौला कपिल देव ने रविवार को यहां कहा कि विराट कोहली को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है और भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान ‘अद्वितीय’ है. कोहली ने रविवार को पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में अपना 30वां टेस्ट शतक जड़ा. कोहली (नाबाद 100) और युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (161) की शतकीय पारियों ने भारत ने इस मैच में अपना शिकंजा काफी मजबूत कर लिया. ऑस्ट्रेलिया में यह कोहली का सातवां शतक है. वह इसके साथ ही महान सचिन तेंदुलकर (छह शतक) के रिकॉर्ड को पीछे छोडकर इस देश में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले भारतीय बन गये.

कपिल ने यहां विश्व समुद्र गोल्डन ईगल गोल्फ चैंपियनशिप के दौरान पीटीआई से कहा, ”जिन लोगों को आलोचना करनी है वे आलोचना करेंगे. कोई बड़ा खिलाड़ी अगर वापसी करने में बहुत समय लेता है तो मीडिया ऐसा काम करती है.” उन्होंने कहा, ” हमें उसकी क्षमता और प्रतिभा देखनी चाहिये. वह बहुत बड़े खिलाड़ी है. उन्हें किसी को साबित करने की जरूरत नहीं है. उन्हें मुझे या मीडिया के सामने कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है.”

भारत के इस पूर्व कप्तान ने कहा, ”उसने क्रिकेट के लिए जो किया है वह अद्भुत है. हम सभी को उसे शाबाशी देनी चाहिये. वह अगर बहुत अधिक रन नहीं बनाता है तो भी ठीक है.उन्होंने क्रिकेट को जो दिया है वह अद्वितीय है.” उन्होंने जायसवाल की तारीफ करते हुए कहा किसी और खिलाड़ी से इस युवा बल्लेबाजी की तुलना करना बेमानी होगी. उन्होंने कहा, ” मुझे तुलना करना पसंद नहीं है. मैं बस हमारे युवाओं को बेहतर करते हुए देखना चाहता हूं. नए रिकॉर्ड (हमेशा) बनते रहेंगे. युवाओं के लिए जरूरी है कि वे देश का प्रतिनिधित्व जिम्मेदारी के साथ करें.”

उन्होंने कहा, ”किसी भी खिलाड़ी की तुलना किसी से न करें. यह अनुचित है, (वे अलग-अलग परिस्थितियों, अलग-अलग युगों में खेलते हैं). आज के युवा कहीं अधिक समझदार और आत्मविश्वास से लबरेज हैं. ” उन्होने शानदार तरीके से भारतीय टीम की अगुवाई करने के लिए कार्यवाहक कप्तान जसप्रीत बुमराह की प्रशंसा की और कहा कि मेहमान टीम ने अब तक उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है.

बुमराह ने पहली पारी में 30 रन देकर पांच विकेट चटकाकर टीम को 46 रन की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई. ऑस्ट्रेलिया की टीम महज 104 रन पर आउट हो गई. उन्होंने दूसरी पारी में भी दो अहम विकेट चटकाकर भारत को बड़ी जीत की ओर अग्रसर कर दिया है.
बुमराह ने टेस्ट क्रिकेट में 11वीं बार पांच विकेट चटकाए और एसईएनए (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में सातवीं बार यह उपलब्धि हासिल की. वह इन देशों में सर्वाधिक बार पांच विकेट लेने के मामले में कपिल के बराबर पहुंच गए.

कपिल ने कहा, ”बुमराह को विशेष बधाई दी जानी चाहिए क्योंकि ऐसा बहुत कम होता है कि गेंदबाजों को कप्तान चुना जाए उन्हें जिस तरह से नेतृत्व करते हुए देखा है वह बहुत अच्छा लगता है.” कपिल ने देश में तेज गेंदबाजी को फिर से चर्चा में लाने के लिए बुमराह की सराहना की.

उन्होंने कहा, ”मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है – उनके रिकॉर्ड बताते हैं (कि वह कितने अच्छे हैं. वह दुनिया के शीर्ष गेंदबाज हैं, हमें और क्या चाहिए?” कपिल ने कहा, ”मैंने पहले कभी नहीं सोचा था कि भारत में एक तेज गेंदबाज के बारे में इतनी चर्चा होगी लेकिन आज ऐसा हो रहा है और मुझे इस पर खुशी और गर्व है.” कपिल ने कहा कि भारत का प्रदर्शन शानदार है क्योंकि टीम को हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा, ”टीम वास्तव में अच्छा खेल रही है. उन्हें पहला टेस्ट जीतना चाहिए, सकारात्मक सोच हमेशा बनी रहनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu