पश्चिम बंगाल: लापता छात्रा का क्षत-विक्षत शव बोरे में मिला, शिक्षक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Sep 2025 08:15 PM
पश्चिम बंगाल: लापता छात्रा का क्षत-विक्षत शव बोरे में मिला, शिक्षक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में लगभग एक महीने से लापता एक स्कूली छात्रा का क्षत-विक्षत शव एक बोरे में मिला. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि जिस स्कूल में लड़की प­ढ़ती थी, उसके एक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि शिक्षक से पूछताछ के बाद पुलिस ने कालीडांगा गांव से एक बोरे में लड़की का क्षत-विक्षत शव बरामद किया.

पुलिस अधिकारी ने बताया, “लड़की 22 अगस्त की सुबह स्कूल जाने के बाद से लापता थी. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका. कल (मंगलवार) रात हमें कालीडांगा गांव में एक सुनसान जगह पर एक बोरा दिखाई दिया. बोरे के अंदर हमें लड़की का क्षत-विक्षत शव मिला.”

अधिकारी ने बताया, “लड़की के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि शिक्षक ने उनकी बेटी को कई बार गलत तरीके से छुआ था. आरोपी ने लड़की का अपहरण कर उसकी हत्या करने के बाद शव फेंकने की बात कबूल की.” पुलिस ने बताया कि छात्रा ने पहले भी अपनी मां को शिक्षक द्वारा उससे दुर्व्यवहार करने की जानकारी दी थी और उसके लापता होने के बाद मां ने मौखिक रूप से पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.

पुलिस के मुताबिक, “शिक्षक की भूमिका पर संदेह होने के बाद हमने उसे गिरफ्तार कर लिया और लंबी पूछताछ के बाद उसने छात्रा का अपहरण और हत्या करने की बात कबूल कर ली.” अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या लड़की की हत्या से पहले उससे दुष्कर्म किया गया था. उन्होंने यह भी बताया कि क्षत-विक्षत शव को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu