पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर घोंटा पति का गला, हादसा दिखाने के लिए सांप से 10 बार डंसवाया

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 17 Apr 2025 01:48 PM
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर घोंटा पति का गला, हादसा दिखाने के लिए सांप से 10 बार डंसवाया
ऑडियो सुनें

मेरठ: यूपी के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी (BF) के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर इसे हादसा दिखाने के लिए ऐसी साजिश रची, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है.

पूरा मामला बहसूमा थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात का है. रविवार सुबह 25 साल के अमित उर्फ मिक्की का शव उसके बिस्तर पर मिला. खास बात यह थी कि शव के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था और अमित के शरीर पर सांप के काटने के 10 निशान थे. परिवारवालों को यकीन हो गया कि उसकी मौत सांप के डसने से हुई है. उन्होंने सपेरे को बुलाया, जिसने सांप को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया.

लेकिन असली सच्चाई तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आई. बुधवार को रिपोर्ट में साफ हुआ कि अमित की मौत सर्पदंश से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई है.

हादसा बताकर गुमराह करने की कोशिश

इससे पुलिस को शक हुआ और उन्होंने जांच को आगे बढ़ाया. पूछताछ में पुलिस ने अमित की पत्नी रविता और उसके प्रेमी (BF) अमरदीप को हिरासत में लिया.

पुलिस के अनुसार, अमरदीप (BF) ने पास के गांव महमूदपुर सिखेड़ा के एक सपेरे से वाइपर सांप को 1000 रुपये में खरीदा था. फिर रात में दोनों ने मिलकर सोते हुए अमित का गला दबा दिया और शव के नीचे सांप को दबा दिया, जिससे वह कई बार काटे. सुबह रविता ने इसे एक हादसा बताकर सबको गुमराह करने की कोशिश की.

गांववालों को थी प्रेम प्रसंग की भनक

हालांकि, गांववालों को रविता और अमरदीप (BF) के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग की पहले से भनक थी. इसलिए उन्होंने शक जताया और पोस्टमार्टम की मांग की. जांच में यह साफ हो गया कि यह हत्या थी और उसे सांप के जरिए छिपाने की साजिश रची गई थी.

सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि दोनों आरोपियों ने हत्या करने और उसे हादसा दिखाने के तरीके गूगल और यूट्यूब पर सर्च किए थे. अमित को अपनी पत्नी के प्रेम संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था. इसी वजह से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

आरोपियों से पूछताछ जारी

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गुरुवार को पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital