जल्द भारतीयों के शरीर के हिसाब से परिधानों का माप लाएंगे : गिरिराज सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Sep 2024 07:47 PM
जल्द भारतीयों के शरीर के हिसाब से परिधानों का माप लाएंगे : गिरिराज सिंह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार जल्द ही बहुप्रतीक्षित ‘इंडियासाइज’ पहल शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य भारतीयों के शरीर के अनुरूप बेहतर ढंग से तैयार किए गए मानकीकृत माप स्थापित करना है. वर्तमान में, भारत में उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ब्रांड कपड़ों के लिए अमेरिका या ब्रिटेन के माप का उपयोग करते हैं, जिनमें ‘छोटा’, ‘मध्यम’ और ‘बड़ा’ आकार होते हैं. हालांकि, पश्चिमी शरीर के प्रकार ऊंचाई, वजन या शरीर के अंगों के विशिष्ट माप के मामले में भारतीयों से भिन्न होते हैं, जिससे कभी-कभी फिटिंग की समस्या होती है.

कपड़ा मंत्रालय ने भारतीय परिधान क्षेत्र के लिए मानक शरीर के आकार विकसित करने के लिए इंडियासाइज परियोजना को मंजूरी दी है ताकि उपलब्ध कराए गए ‘फिट’ में मौजूदा असमानताओं और विसंगतियों को दूर किया जा सके. सिंह ने विजनेक्स्ट की पेशकश के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ”मैं इंडियासाइज. पर प्रधानमंत्री से इसका उद्घाटन करवाने का प्रयास कर रहा हूँ, इसे जल्द ही पेश किया जाना चाहिए.” विजनेक्स्ट भारत की पहली पहल है जो कृत्रिम मेधा (एआई) और इमोशनल इंटेलिजेंस (ईआई) को मिलाकर फैशन ट्रेंड की जानकारी और पूर्वानुमान तैयार करती है.

इसका मिशन भौगोलिक-विशिष्ट रुझानों की पहचान करना, उनका मानचित्र बनाना और उनका विश्लेषण करना है. सिंह ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने के अनुरूप यह विजनेक्स्ट पोर्टल शुरू किया गया है. पहले अमेरिका और यूरोप फैशन डिजाइन का पूर्वानुमान लगाते थे, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहली बार कपड़ा मंत्रालय ने निफ्ट के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत की है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu