जशपुर में महिला सरपंच की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 10:40 PM
जशपुर में महिला सरपंच की हत्या
ऑडियो सुनें

जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार को एक महिला सरपंच की उसके घर पर अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में तुमला थाना क्षेत्र के डोंगादरहा गांव में आज दोपहर लगभग 12 बजे सरपंच प्रभावती सिदार (37) की हत्या कर दी गई. उन्होंने बताया कि सिदार की हत्या तब की गई जब वह अपने घर पर सब्जी के बगीचे में थीं. सिदार इस वर्ष फरवरी में पंचायत चुनाव में डोंगादरहा ग्राम पंचायत के सरपंच के रूप में चुनी गई थीं.

अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के समय सिदार अपने घर पर अकेली थीं. जब उनकी बेटी वहां पहुंची तो उसने उन्हें गंभीर रूप से घायल पाया. बेटी ने शोर मचाया तब परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे.
अधिकारियों ने बताया कि सिदार को कोतबा गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां चि्त्सिसकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और बाद में फोरेंसिक विशेषज्ञों, श्वान दस्ते तथा साइबर सेल के दलों को भी वहां बुलाया गया. अधिकारियों ने बताया, ”सिदार के चेहरे तथा गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए चोट के निशान पाए गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकगी.” उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu