बेंगलुरु. कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने एक पैरामेडिकल कॉलेज में कथित रूप से ‘वॉशरूम की फिल्म बनाने’ की घटना की जांच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर के उडूपी दौरे की जरूरत पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का दल जब मणिपुर नहीं गया जहां दो महिलाओं का यौन उत्पीड़न किया गया और उन्हें निर्वस्त्र घुमाया गया तो ”क्या उडूपी की घटना इतनी बड़ी है?”
परमेश्वर ने महिला आयोग के दल के दौरे के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ”आने दीजिए. मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना कि किसे आना है और किसे देखना है. मणिपुर की घटना हुई…मुझे नहीं पता कि क्या कहूं. वहां आयोग नहीं गया. क्या उडूपी की घटना इतनी बड़ी है?”
उन्होंने कहा, ”मैं यह नहीं कह रहा कि मत आओ. आप क्यों आ रहे हो, मेरा यह सवाल भी नहीं है. इस बारे में कहना मेरा काम नहीं. वे आएं. लेकिन आपको बताना चाहिए कि क्या मिला. क्या इस घटना का कोई वीडियो या कुछ और चीज थी?” राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर बुधवार शाम को उडूपी पहुंचीं. वह शहर के एक पैरामेडिकल कॉलेज के वाशरूम में एक छात्रा द्वारा मोबाइल फोन से कथित रूप से साथी छात्रा की फिल्म बनाए जाने की घटना के मामले में जांच के लिए पहुंचीं.