योगी ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने का आरोप लगाया

कोटा/जयपुर. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति अपनाने और धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च करने पर प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया. उन्होंने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का भी आरोप लगाया और कहा कि केवल ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार ही विकास को आगे बढ़ा सकती है.

योगी आदित्यनाथ ने केकड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार शत्रुघ्न गौतम के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”मुझे बताया गया है कि यहां की सरकार तुष्टिकरण की नीति अपनाती है और धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च करने से रोकती है. सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रतिबंध लगाती है कि धार्मिक स्थलों पर पैसा खर्च न हो.” उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने तुष्टिकरण की हदें पार कर दी हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान ”जय श्री राम” के नारे लगते रहे.

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण दुनिया में भारत के लिए सम्मान बढ़ा है और दुनिया संकट की घड़ी में भारत की ओर उम्मीदों से देखती है. उन्होंने कहा, ”आपने कांग्रेस का पांच साल का कार्यकाल देखा है, आपने वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार का कार्यकाल भी देखा है. दोनों में अंतर है. एक तरफ विकास और सुशासन है तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचार, अराजकता, माफियाराज और गुंडागर्दी हावी दिख रही है.” योगी आदित्यनाथ ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर मुआवजा वितरण में भेदभाव का आरोप भी लगाया.

उन्होंने कहा, ”कन्हैया लाल के परिवार को पांच लाख रुपये दिए गए, लेकिन जयपुर में मोटरसाइकिल टक्कर में मारे गए दो मुसलमानों के मामले में 20-20 लाख रुपये दिए गए.” उन्होंने कहा ”केवल भाजपा का डबल इंजन ही सुरक्षा की गारंटी दे सकता है और सुशासन का वादा कर सकता है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया का बोलबाला था. उन्होंने कहा कि माफिया के लिए ही बुलडोजर लाया गया है और आज जब बुलडोजर चलता है तो माफिया की गर्मी शांत हो जाती है. उन्होंने कहा, ”माफियाओं ने जनता से जो पैसा लूटा है उसे सरकारी खजाने में रखा जाता है और गरीबों के लिए घर बनाने में उसका इस्तेमाल किया जाता है.” राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button