संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई को कार से टक्कर मारी; तीन किलोमीटर तक बोनट पर पड़ा रहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 09:47 PM
संपत्ति विवाद को लेकर छोटे भाई को कार से टक्कर मारी; तीन किलोमीटर तक बोनट पर पड़ा रहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई को कार से टक्कर मार दी, जिससे वह कार के बोनट पर जा गिरा और उसे इसी हालत में बड़े भाई करीब तीन किलोमीटर तक गाड़ी चलाता रहा. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक संपत्ति विवाद को लेकर व्यक्ति ने अपने छोटे भाई को टक्कर मारी. बाहरी-उत्तरी दिल्ली इलाके में हुई इस घटना का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति चलती कार के बोनट से चिपका हुआ नजर आ रहा है.

पुलिस ने बताया कि सोनीपत में अपने परिवार के साथ रहने वाला राजेश कुमार शुक्रवार को बुराड़ी में किसी से मिलने गया था. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”रास्ते में पुश्ता रोड के पास यातायात जाम होने के कारण वह अपनी कार से बाहर निकला. इसी बीच, राजेश का बड़ा भाई महेश अपनी एसयूवी में आया और उसे टक्कर मार दी. राजेश बोनट पर चढ़ गया और महेश करीब तीन किलोमीटर तक इसी हालत में अपनी गाड़ी चलाता रहा. ” यह कार तभी रुकी जब अन्य यात्रियों ने बीच बचाव किया. अधिकारी ने कहा कि इस घटना में राजेश कुमार को मामूली चोटें आईं हैं.

उन्होंने बताया कि राजेश कुमार की शिकायत के आधार पर अलीपुर पुलिस थाने में महेश के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 337 (दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालकर चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu