ज्वेरेव जीते, सबालेंका और झेंग दूसरे दौर में, ऑस्ट्रेलियाई ओपन में पहले दिन बारिश ने डाली बाधा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 09:00 PM
ज्वेरेव जीते, सबालेंका और झेंग दूसरे दौर में, ऑस्ट्रेलियाई ओपन में पहले दिन बारिश ने डाली बाधा
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. मौजूदा चैंपियन आर्यना सबालेंका और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता झेंग किनवेन ने रविवार को यहां बारिश से प्रभावित दिन में सीधे सेटों में जीत दर्ज करके ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया. साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले दिन बारिश के कारण कई मैच नहीं हो पाए क्योंकि इनडोर सुविधा में कुछ मैचों का आयोजन ही संभव हो पाया था.

पुरुष वर्ग में दूसरे वरीय एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने दिन के अंतिम मैच में लुकास पोयूले को 6-4, 6-4, 6-4 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया. दो बार की चैंपियन सबालेंका ने अमेरिकी ओपन 2017 की विजेता स्लोएन स्टीफंस पर 6-3, 6-2 की जीत के साथ लगातार तीसरे खिताब के लिए अपने अभियान की शानदार शुरुआत की.

पिछले साल फाइनल में सबालेंका से हारने के बाद मेलबर्न पार्क के मुख्य कोर्ट पर छत के नीचे खेले गए अपने पहले मैच में पांचवीं वरीयता प्राप्त झेंग ने रोमानिया की 20 वर्षीय क्वालीफायर एंका टोडोनी को 7-6 (3), 6-1 से हराया. सत्रह वर्षीय मीरा एंड्रीवा दूसरे दौर में जगह बनाने वाली पहली खिलाड़ी थी. उन्होंने जॉन कैन एरेना में छत के नीचे खेले गए मैच में मैरी बौज.कोवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से पराजित किया.

पुरुष वर्ग में खेले गए पहले तीन मैच में से दो मैच पांच सेट तक खिंचे. अमेरिकी ओपन 2014 के उपविजेता केई निशिकोरी ने तीसरे सेट में दो मैच प्वाइंट बचाकर वापसी करते हुए क्वालीफायर थियागो मोंटेइरो को 4-6, 6-7 (4), 7-5, 6-3, 6-3 से जबकि छठी वरीयता प्राप्त कैस्पर रुड ने जाउम मुनार को 6-3, 1-6, 7-5, 2-6, 6-1 से हराया. पुरुष वर्ग के एक अन्य मैच में 20वीं वरीयता प्राप्त आर्थर फिल्स ने फिनलैंड के ओटो वर्टानेन को 3-6, 7-6 (4), 6-4, 6-4 से पराजित किया.

लिंडा नोस्कोवा शुरुआती दौर में बाहर होने वाली पहली वरीयता प्राप्त खिलाड़ी थी. यह 29वीं वरीय खिलाड़ी क्लारा टॉसन से 5-7, 6-3, 6-4 से हार गईं. महिलाओं वर्ग में जिन वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने दूसरे दौर में जगह बनाई उनमें पाउला बाडोसा, डोना वेकिच और लेयला फर्नांडीज भी शामिल हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu