यूक्रेन पर रूस के ड्रोन व मिसाइल हमले में 12 लोगों की मौत: अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 08:21 PM
यूक्रेन पर रूस के ड्रोन व मिसाइल हमले में 12 लोगों की मौत: अधिकारी
ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव और देश के अन्य क्षेत्रों पर लगातार दूसरी रात ड्रोन और मिसाइल से बड़े पैमाने पर हमला किया, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने रविवार सुबह यह जानकारी दी. यूक्रेन की वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इग्नाट के अनुसार रूस ने कुल 367 ड्रोन और मिसाइलें यूक्रेन पर दागीं. यह अब तक के पूरे युद्ध (जो तीन साल से भी ज़्यादा समय से जारी है) का सबसे बड़ा एकल हमला था.

यूरी इग्नाट ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि रूस ने विभिन्न प्रकार की 69 मिसाइलों और 298 ड्रोन का इस्तेमाल किया, जिसमें ईरान द्वारा डिजाइन किए गए शाहिद ड्रोन भी शामिल हैं. इग्नाट ने कहा कि यह 2022 में शुरू हुए युद्ध के बाद से यूक्रेन में अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला था. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस की मिसाइलों और ड्रोन ने यूक्रेन के 30 से अधिक शहरों और गांवों को निशाना बनाया है.

जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों को और कड़ा करने की मांग की. यह यूक्रेनी नेता की पुरानी मांग रही है, लेकिन अमेरिका और यूरोप की मॉस्को को दी गई चेतावनियों के बावजूद, ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है जो रूस को रोक सके.
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि रविवार को कीव, जितोमिर, खमेलनित्स्की, टर्नोपिल, चेर्निहीव, सुमी, ओदेसा, पोल्टावा, ड्नीप्रो, मिकोला, खारकीव और चेरकासी क्षेत्र में हमले किए गए.

उन्होंने कहा, “ये हमले शहरों पर जानबूझकर किए गए हमले थे. आवासीय इमारतों को नष्ट कर दिया गया और उन्हें नुकसान पहुंचाया गया.” जेलेंस्की ने कहा, “रूसी नेतृत्व पर वास्तव में मजबूत दबाव के बिना, इस क्रूरता को रोका नहीं जा सकता. प्रतिबंधों से निश्चित रूप से मदद मिलेगी.

उन्होंने आगे कहा, “अब संकल्प मायने रखता है अमेरिका का संकल्प, यूरोपीय देशों का संकल्प, और उन सभी का संकल्प जो पूरी दुनिया में शांति चाहते हैं.” इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रात भर में 110 यूक्रेनी ड्रोन गिरा दिए.

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के अनुसार, रात भर विस्फोट की आवाजें कीव और आस-पास के इलाकों में गूंजती रहीं, जबकि यूक्रेनी वायु रक्षा बल घंटों तक दुश्मन के ड्रोन और मिसाइलों को गिराने की कोशिश करते रहे, कीव में कम से कम चार लोग मारे गए और 16 घायल हुए. यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “यूक्रेन में रविवार की सुबह एक मुश्किल भरी रात के बाद आई. कई हफ्तो में सबसे बड़ा रूसी हवाई हमला पूरी रात जारी रहा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu