बीजापुर में 13 नक्सली गिरफ्तार, धनुष, तीर, पर्चे और प्रचार सामग्री जब्त…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 03 Sep 2024 05:19 PM
बीजापुर में 13 नक्सली गिरफ्तार, धनुष, तीर, पर्चे और प्रचार सामग्री जब्त…
ऑडियो सुनें

बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में दो स्थानों से 13 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इनमें से सात को रविवार को गंगालूर पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया जबकि छह अन्य को सोमवार को तर्रेम पुलिस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और कोबरा (सीआरपीएफ की एक विशिष्ट इकाई, कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन) की 202वीं बटालियन की संयुक्त टीमें दोनों अभियानों में शामिल थीं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये सभी नक्सली पुरुष हैं और उनकी आयु 20 से 55 वर्ष के बीच है।
उन्होंने बताया कि तर्रेम से गिरफ्तार नक्सलियों के पास से डेटोनेटर, बिजली के तार, लोहे की कीलें, धनुष, तीर और बैटरियां बरामद की गईं, जबकि अन्य नक्सलियों के पास से माओवादी पर्चे और प्रचार सामग्री जब्त की गई।

इन गिरफ्तारियों के साथ बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग में इस वर्ष अब तक 600 से अधिक नक्सलियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav