दंतेवाड़ा में 15 नक्सली गिरफ्तार

दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने सात महिलाओं समेत 15 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है तथा उनसे विस्फोटक बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया जिले के गीदम थाना क्षेत्र में गुमलनार गांव के पास सुरक्षाबलों ने 15 नक्सलियों को गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत 25 मई को ‘डीआरजी’ और ‘बस्तर फाइटर्स’ दंतेवाड़ा के दल को गुमलनार, मुस्तलनार, गिरसापारा गांवों की ओर रवाना किया गया था.

अधिकारियों ने बताया कि जब 26 मई की शाम में सुरक्षाबल के जवान गुमलनार गांव के करीब थे तब नक्सलियों ने क्षेत्र में बारूदी सुरंग में विस्फोट किया और जंगल में भागने लगे. उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस दल ने घेराबंदी कर सात महिलाओं समेत 15 नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि नक्सलियों से जब पूछताछ की गई तब उन्होंने बताया कि वे सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए घात लगाकर बैठे थे. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों से विस्फोटक, डेटोनेटर, नक्सली वर्दी और अन्य सामान बरामद किये हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button