गाजा में इजरायल के ताजा हमले में बच्चों समेत 38 लोग मारे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 May 2025 10:50 PM
गाजा में इजरायल के ताजा हमले में बच्चों समेत 38 लोग मारे गए
ऑडियो सुनें

दीर अल बला(गाजा पट्टी). पिछले 24 घंटों में इजराइली हमलों में गाजा में कम से कम 38 लोग मारे गए हैं, जिनमें एक महिला और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं जो एक तंबू में शरण लिए हुए थे. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. एक स्थानीय डॉक्टर के परिवार के बारे में भी विस्तृत जानकारी सामने आई, जिसने शुक्रवार को हुए इजराइली हमले में अपने 10 बच्चों में से नौ को खो दिया है.

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजराइल द्वारा संघर्ष विराम समाप्त करने और मार्च में अपने हमले को नये सिर से शुरू करने के बाद से इस क्षेत्र में 3,785 लोग मारे गए हैं. इजराइल ने भी सभी खाद्य पदार्थों, दवाइयों और ईंधन के आयात को ढाई महीने तक रोक दिया है, लेकिन विशेषज्ञों द्वारा अकाल की चेतावनी दिए जाने के बाद पिछले सप्ताह उसने थोड़ी-बहुत राहत सहायता आने दी.

अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अनुसार, विस्थापित लोगों के लिए बने तंबू पर हुआ ताजा हमला, जिसमें महिला और उसके बच्चों की मौत हो गई, दीर अल-बला में हुआ. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उत्तरी गाजा के जबालिया क्षेत्र में हुए हमले में कम से कम पांच लोग मारे गए, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है.

शिशु रोग विशेषज्ञ अला अल-नज्जर के 10 बच्चों में से केवल एक ही जीवित बचा है. दक्षिणी शहर खान यूनिस के पास शुक्रवार को उनके घर पर इजराइली हमले में 11 वर्षीय बच्चा और अल-नज्जर के पति, जो खुद भी डॉक्टर हैं, बुरी तरह घायल हो गए.
नासिर अस्पताल के एक बाल रोग विशेषज्ञ अला अल-ज.ायन ने बताया कि अन्य बच्चों के अवशेषों को एक ही थैले में मुर्दाघर में लाया गया.

हम्दी अल-नज्जर द्वारा अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने के कुछ ही मिनटों बाद घर पर हमला हुआ. उनके भाई, इस्माइल अल-नज्जर, घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचा. इस्माइल ने कहा, ”वे मासूम बच्चे थे, सबसे छोटा 7 महीने का था. और मेरे भाई का (फलस्तीनी) गुटों से कोई लेना-देना नहीं है.” इजराइल ने शनिवार को कहा था, ”नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के दावे की समीक्षा की जा रही है.” उसका कहना है कि वह नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचने की कोशिश करता है और उनकी मौतों के लिए हमास को दोषी ठहराया क्योंकि वह घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गतिविधियां करता है. नवीनतम हमलों पर सेना की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu