गाजा में इजराइली हमलों में 52 लोगों की मौत, स्कूल में शरण लेने वाले 36 लोग भी शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 07:34 PM
गाजा में इजराइली हमलों में 52 लोगों की मौत, स्कूल में शरण लेने वाले 36 लोग भी शामिल
ऑडियो सुनें

दीर अल-बलाह. गाजा पट्टी में सोमवार को इजराइली हमलों में कम से कम 52 लोगों की मौत हो गयी. मारे गये लोगों में एक स्कूल में शरण लेने वाले 36 लोग भी शामिल हैं, जो हमले के वक्त सो रहे थे और हमले से उनके सामान में आग लग गई. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी. सेना ने बताया कि उन्होंने स्कूल से साजिश रच रहे चरमपंथियों को निशाना बनाया. इजराइल ने हमास के साथ युद्ध विराम समाप्त करने के बाद मार्च से सिलसिलेवार हमले शुरू किये हैं.

इजराइल ने गाजा पर कब्जा करने और हमास को नष्ट करने या फिर चरमपंथियों के हथियार डालने तक लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया है. आपात सेवा मंत्रालय के प्रमुख फहमी अवाद ने बताया कि गाजा शहर के दाराज इलाके में स्थित स्कूल पर हुए हमले में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं. उन्होंने बताया कि मृतकों में एक पिता और उसके पांच बच्चे शामिल हैं.

गाजा शहर के शिफा और अल-अहली अस्पतालों ने कुल मौतों की पुष्टि की है. अवाद ने बताया कि स्कूल पर हमला उस समय हुआ, जब लोग सो रहे थे और तीन बार हुए हमले से उनके सामान में आग लग गई. ऑनलाइन प्रसारित फुटेज में बचावर्किमयों को आग बुझाने और झुलसे हुए शवों को निकालने के लिए संघर्ष करते हुए देखा जा सकता है. एक अधिकारी ने बताया कि सेना ने स्कूल के अंदर एक आतंकवादी कमांड एवं नियंत्रण केंद्र को निशाना बनाया, जिसका इस्तेमाल हमास और चरमपंथी हमलों के लिए खुफिया जानकारी जुटाने के लिए करते थे.

इजराइल नागरिकों की मौत के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराता है, क्योंकि चरमपंथी संगठन लोगों के बीच रहकर काम करता है.
शिफा अस्पताल के अनुसार, उत्तरी गाजा के जबाल्या में एक अलग हमले में एक ही परिवार के 16 लोगों की मौत हो गई, जिसमें पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं. इजराइली सेना के अनुसार, फलस्तीनी चरमपंथियों ने गाजा से तीन ‘प्रोजेक्टाइल’ दागे, जिनमें से दो क्षेत्र के भीतर गिरे और तीसरे को मार गिराया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu